बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों के साथ रसोई गैस एवं खाद्य सामग्री की मूल्य वृद्धि को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान आगे जाने को लेकर उनकी पुलिस से झड़प भी हुई। महंगाई के विरोध में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में नारा लिखी तख्तियां, सिलेंडर लेकर सरकारों के खिलाफ नारेबाजी करते आमघाट सहकारी कालोनी स्थित गांधी पार्क से जुलूस लेकर सरजू पांडेय पार्क के लिए निकले। मिश्रबाजार, महुआबाग होते हुए जुलूस जैसे ही अफीम फैक्ट्री के पास पहुंचा, पुलिस ने जबरदस्ती रोक लिया। इसको लेकर कार्यकर्ताओं की तीखी झड़प हुई। बावजूद इसके पुलिस ने आगे नहीं जाने दिया। जिलाध्यक्ष सुनील राम के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट ने लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते खाद्य तेलों, रसोई गैस, दाल, अन्य घरेलू सामानों, आवश्यक वस्तुओं तथा डीजल-पेट्रोल के मूल्यों में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे आम आदमी त्रस्त हो गया है। पिछले दो महीने में केंद्र सरकार ने ईंधन के दाम 29 बार बढ़ाए। शहर अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि महंगाई कम करने की बात तो दूर रही, वह बढ़ती ही जा रही है। प्रदर्शन में पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, रविकांत राय, आनंद राय, राजीव सिंह, लालसाहब यादव, मंसूर जैदी, अजय कुमार श्रीवास्तव, राजेश कुमार गुप्ता, ऊषा चतुर्वेदी, सीमा विश्वकर्मा, आशुतोष गुप्ता, माधव कृष्ण, शबीहुल हसन, आदिल, रामनगीना पांडेय, मनीष कुमार राय, अनुराग पांडेय, अजय दुबे, हरिवंश चौहान, दिव्यांशु पांडेय, मीरा चौबे, मुन्नी, कुंती, भवानी, महबूब निशा, सोनू बेगम, सरोज उपाध्याय, नफीसा, अवधेश भारती, शमीउल्लाह, मोहम्मद कुद्दूस, संदीप कुमार विश्वकर्मा, माया, सरोज, अरुणा, सुनीता कश्यप, रामअवध सिंह, सुरेश राजभर, दिग्विजय मद्धेशिया, आफताब, जीउत यादव, अनिल चौहान आदि शामिल थे।
(फोटो भी)