गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर में अंतर महाविद्यालयीय महिला भारोत्तोलन चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इसमें स्वामी सहजानंद महाविद्यालय की महिला टीम ने तीन स्वर्ण पदक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत टीम चैंपियनशिप का खिताब स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने अपने नाम किया स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली महिला खिलाड़ियों में श्वेता पुंडीर एमए प्रथम वर्ष, प्रियंका मौर्या और कल्पना यादव स्नातक प्रथम वर्ष रहीं। स्वर्ण पदक के साथ-साथ तीनों खिलाड़ियों का ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी टीम में सेलेक्शन भी हुआ है। खिलाड़ियों के टीम चैंपियनशिप प्राप्त करने पर प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. विजय राय ने सभी महिला खिलाड़ियों और प्रशिक्षक संजय राय को बधाई दी। बताया कि विगत तीन वर्षों से हमारी महिला टीम और पुरुष वेटलिफ्टिंग टीम लगातार चैंपियन बनती आ रही है। जल्द ही महाविद्यालय में वेटलिफ्टिंग एकेडमी शुरू हो सकती है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. एएन राय, डॉ. विलोक सिंह, डॉ. नित्यानंद राय, डॉ. नितिन राय, डॉ. अजय राय, डॉ. अवधेश पांडेय, डॉ. सतीश कुमार राय, खेल विभाग के विभागाध्यक्ष रामधारी राम, डॉ. राकेश पांडेय, डॉ. नरनारायण राय, समीर राय, सत्येंद्र कुमार राय आदि ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।