साहित्य चेतना समाज की ओर से संस्था के सचिव हीरा राम गुप्ता के पीरनगर स्थित पांडेय कॉलोनी आवास में रविवार को शोक सभा आयोजित की गई। इसमें गायिका आशा भोंसले को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि अपनी मधुर आवाज से लोगों के दिलों पर राज करने वाली स्वर साम्राज्ञी के निधन से भारतीय संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनका नाम संगीत इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में दर्ज रहेगा। उन्होंने आठ दशकों से अधिक समय तक संगीत की दुनिया में सक्रिय रहकर 12 हजार से अधिक गीत गाए, जो अपने आप में एक अद्भुत रिकॉर्ड है। उनकी आवाज का जादू हर पीढ़ी को अपनी ओर आकर्षित करता रहा। वक्ताओं ने बताया कि उनके योगदान को देखते हुए वर्ष 2000 में उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार तथा वर्ष 2008 में भारत सरकार द्वारा पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। शोक सभा में संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर, अध्यक्ष डॉ. रविनंदन वर्मा, उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता, संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी, डॉ. संतोष कुमार सिंह, आनंद प्रकाश अग्रवाल, शशिकांत राय, राजीव मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------