भीमापार। सैदपुर विकासखंड क्षेत्र में सरकार की अधिकांश योजनाएं परवान चढ़ती नजर नहीं आ रही हैं। 30 सितंबर तक हर ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण की सरकारी योजना यहां धूल फांक रही है। हालत यह है कि सैदपुर ब्लाक क्षेत्र के आठ गांवों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य अभी शुरु तक नहीं किया जा सका है। जबकि 10 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य जमीनी विवाद के चलते अटका पड़ा है। जानकारी के अनुसार गांवों में आयोजित होने वाले वैवाहिक अथवा सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आए हुए लोगों को खुले में शौच जाने से रोकने के लिये प्रदेश सरकार ने हर ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय के निर्माण का आदेश दिया हुआ है। इसमें शौचालय से जुड़ा स्नान गृह भी बनाया जाएगा लेकिन सैदपुर के कुल 98 में से 18 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण अभी शुरु भी नहीं हो सका है। एडीओ पंचायत राकेश दीक्षित ने बताया कि सैदपुर विकासखंड के जीयनचक, मिर्जापुर, ऊचौरी, कोड़री, नरायनपुर ककरही, शेखपुर, फरिदहां और इचवल आदि आठ गांवों में सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य अभी शुरू कराया जाना बाकी है। जबकि डहन, सिधरा, नायकडीह, कोटिसा, खरौना, पटना, शादी-भादी, मठ ऊचौरी, भैरोपुर और अलायचक आदि दस ग्राम पंचायतों में जमीनी विवाद के चलते निर्माण कार्य रुका हुआ है जिसका जल्द ही निस्तारण कराया जाएगा।