UP: बरात से घर लौट रहे युवकों को ट्रेलर ने कुचला, दो ममेरे भाइयों सहित तीन की मौत; एक किमी तक घसीटे दो शव
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर नोनहरा थाने की पुलिस भी पहुंच गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, परिजन भी दहाड़ मारते पहुंच गए। दूसरी तरफ, ट्रेलर को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में ले लिया गया।
विस्तार
Road Accident in Ghazipur: गाजीपुर नोनहरा थाना क्षेत्र के खानपुर मोड़ के सामने बीती रात लगभग 11 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बरात से घर लौट रहे बाइक सवार सुमित कुमार (21), नीरज कुमार (18) और नीतिश राम (17) की मौत हो गई। नीरज कुमार और नीतिश राम आपस में ममेरे भाई थे।
एक युवक का शव खानपुर मोड़ के पास ही पड़ा रहा, जबकि दो युवकों के शव ट्रेलर के बीचोंबीच फंस गए और करीब एक किमी दूर स्थित बौरी पुल तक घसीटते रहे। वाहन में फंसे दोनों युवकों के शव पुल पर गिरने के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा। इधर, सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कठवामोड़ पुलिस चौकी से पहले ट्रेलर को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में ले लिया।
परिजनों में मचा कोहराम
नोनहरा थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि नोनहरा गांव के इंग्लिशपुर निवासी गोविंदर राम ने तहरीर देकर बताया कि गांव से एक बरात कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के खेताबपुर गांव में गई हुई थी। बरात से लौटने के बाद एक बाइक पर सुमित कुमार, नीरज कुमार और नीतिश राम रात करीब 11 बजे घर वापस आ रहे थे। कासिमाबाद-कठवामोड़ मुख्य मार्ग स्थित खानपुर मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में खानपुर मोड़ के पास मौके पर ही सुमित कुमार की मौत हो गई, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं नीरज कुमार और नीतिश राम के शव ट्रेलर के बीचोंबीच फंस गए। ट्रेलर दोनों को घसीटते हुए करीब एक किमी दूर बौरी पुल तक ले गया। दोनों युवकों के शव पुल पर गिरने के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कठवामोड़ चौकी से पहले घेराबंदी कर ट्रेलर को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में ले लिया।
नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि गोविंदर राम की तहरीर पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।