गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत लंका मैदान में 26, 27 एवं 28 सितंबर को तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुआ। भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा ने शुक्रवार को सिकंदरपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।
अभिनव ने बताया कि शिविर में देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक मरीजों का निशुल्क उपचार करेंगे। प्रतिदिन जनपद के लगभग 12 हजार लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, हड्डी एवं जोड़ रोग, सामान्य रोग, महिला रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला, त्वचा, दंत रोग आदि बीमारियों का उपचार किया जाएगा। जिन मरीजों को सर्जरी की आवश्यकता होगी, उनके लिए 27 सितंबर से एक अक्तूबर तक मेडिकल कॉलेज के चिकित्सालय में सर्जरी एवं उपचार की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय एवं जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा उपस्थित रहे।