जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के उमरगंज गांव में शनिवार की देर रात चोरों ने एक मकान में घुस कर एक लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी पीड़ित सूर्यबली सिंह ने बताया कि देर शाम खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य सोने चले गए थे। देर रात घर के पीछे की दीवार के सहारे छत पर चढ़कर सीढ़ी से घर के अंदर चोर दाखिल हो गए। इसके बाद कमरे में रखे अलमारी का ताला तोड़ सामानों को खंगालना शुरू कर दिया। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान उनकी पुत्रवधू की नींद टूट गई और वह जब अपने कमरे से बाहर आई तो दूसरे कमरे का दरवाजा खुला देख उस तरफ बढ़ गई। जहां अंधेरे छिपे चोर ने उसके पेट पर जोरदार हमला किया, जिससे वह अचेत होकर फर्श पर गिर गई। चोर आराम से घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब महिला को होश आया तो उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजन खोजबीन के करने के साथ पुलिस को सूचना दिए। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने सोने की दो अंगूठी, पांच पायल, नथिया, मांगटीका सहित एक लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।