गाजीपुर। धीरे-धीरे लाकडाउन के आदी हो चुके लोग अब घरों में ही समय व्यतीत कर रहे हैं। इसे और असरदार बनाने के लिए जिला प्रशासन के लोग जगह-जगह भ्रमण कर रहे हैं। चट्टी, चौराहों पर सन्नाटा बना है तथा सड़कों पर बैरिकेडिंग कीगई है। शहर तथा दिलदारनगर में बनाए गए हाट स्पाट इलाकों में सख्ती जारी है। जिले तथा बिहार राज्य की सील सीमाओं पर चौकसी की जा रही है। सुबह खुल रही बाजारों में भीड़ बढ़ जाने की वजह से उन्हें बंद करा दिया जा रहा है।
शहर में सुबह बाजारों में थोड़ी चहल-पहल दिखी लेकिन कुछ ही देर बाद सन्नाटा पसर गया। बाजारों में अधिक देर तक लोगों को नहीं रहने दिया जा रहा है। शहर के लंका मैदान में ही सब्जी मंडी लगाई गई जहां लाकडाउन का पालन किया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति बिना कारण अगर सड़क पर दिखाई देता है तो उसके खिलाफ सख्ती की जा रही है। दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में पड़ने वाले बिहार राज्य की सभी सीमाएं सील है जहां से किसी को आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। वहां पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। गहमर थाना के देवल तथा बारा में बिहार की सीमाओं का भी अधिकारी भ्रमण कर जायजा ले रहे हैं। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार पुलिस सड़क पर बेवजह घूमने वालों से सख्ती से पेश आ रही है। तहसील चौराहा तथा शाहनिंदा रोड पर घूम रहे लोगों को हिदायत दी जा रही है। भांवरकोल संवाददाता के अनुसार सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा और इसका उल्लंघन करने वालों को पुलिस जगह-जगह सबक भी सिखाती रही। जखनिया संवाददाता के अनुसार क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा विभिन्न इलाकों में घूमकर लोगों से घर से बाहर नहीं निकलने का आग्रह लाउडस्पीकर के माध्यम से करते रहे। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य, पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह, सीडीओ श्रीप्रकाश गुप्ता आदि भी क्षेत्रों में वहां के एसडीएम आदि अधिकारियों को लेकर दिन भर चक्रमण कर रहे हैं। इसी प्रकार खानपुर, सैदपुर, करंडा, बिरनो, जमानिया, नंदगंज, बहरियाबाद, औड़िहार, देवकली, सेवराई, कासिमाबाद, जंगीपुर आदि क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी रही।