UP: SHO और चार सिपाही निलंबित, बिहार जाकर दुकानदार को पकड़ा; चार घंटे तक थाने में बैठाकर छोड़ा
यह मामला यूपी के गाजीपुर का है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने रिपोर्ट तलब की। साथ ही जिम्मेदार थाना प्रभारी और चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया।
विस्तार
बिहार के भभुआ जिले के रामगढ़ बाजार से दुकानदार को फिल्मी अंदाज में उठाना और चार घंटे बाद छोड़ देने के मामले में एसपी डाॅ. ईरज राजा ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने गहमर थाने के प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह और चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया।
गाजीपुर के दिलदारनगर का एक व्यक्ति पिछले तीन साल से बिहार के रामगढ़ प्रखंड के गोड़सरा सूर्य सरोवर के पूर्वी दिशा में किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता है। दुकान चलाता है।
बुधवार की सुबह वह पोखरे के किनारे टहल रहा था। इसी दौरान सादी वर्दी में पहुंचे गहमर प्रभारी निरीक्षक अशेषनाथ सिंह, कांस्टेबल मनोज दुबे, प्रमोद कुमार, शिव कुमार पाल और अमरजीत पाल उनके साथ टहलने लगे। कुछ देर बाद दुकानदार से बात की और बहाने से उसे बीआरसी की चहारदीवारी की ओर ले गए।
बीआरसी के पास पहले से खड़ी सफेद रंग की गाड़ी में धकेल कर दुकानदार को बैठा लिया और तेजी से निकल गए। इस वारदात के बाद दुकानदार के अपहरण की अफवाह फैल गई। विवाद होने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ थाने की पुलिस हरकत में आई।
क्षेत्रीय थानाध्यक्ष राजू कुमार की अगुवाई में इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। सुराग मिलने के बाद बिहार पुलिस के अधिकारियों ने गाजीपुर के एसपी से संपर्क साधा। एसपी पूरे घटनाक्रम से अनजान थे। उधर, चार घंटे तक थाने पर बैठाने के बाद गहमर पुलिस ने दुकानदार को छोड़ दिया।
एसपी के मुताबिक, किसी दूसरे थाना क्षेत्र में जाने पर उच्चाधिकारियों को सूचना देने और दूसरे जिले, राज्य में जाने पर अनुमति लेने का नियम है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया। जांच के बाद प्रभारी निरीक्षक और सिपाहियों की भूमिका को संदिग्ध माना गया।