मुहम्मदाबाद। ग्राम मुर्की खुर्द स्थित शम्स मॉडल स्कूल में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें स्थानीय विधायक सुहैब अंसारी ने 2022-23 के राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में विद्यालय के आठ सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति की जिंदगी में परिवर्तन ला सकती है। इन छात्रों को मिली सफलता से दूसरे बच्चों में भी पढ़ाई की ललक पैदा होगी। कहा कि जिले में कुल 181 सफल बच्चों में इस क्षेत्र के आठ बच्चे शामिल हैं जिनमें छह छात्राएं हैं। उनकी सफलता का प्रतिशत संकेत देता है कि हमारे गांव की बच्चियों में भी शहर की बच्चियों की तरह शिक्षा के प्रति रुझान है। अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्या राजदा खातून ने कहा कि परीक्षा में पास होने वाले बच्चों को केंद्र सरकार की ओर से 48000 रुपया दिया जाता है।सम्मानित होने वाले बच्चों में अनु कुमारी, अजय कुमार, रितिका यादव, सोनी, अमृता यादव, सचिन कुमार, खुशबू, अंशु शामिल हैं। कार्यक्रम में मुन्ना राम, परमेश्वर राम, सुरेश यादव, रितिका देवी, संध्या खरवार, पूनम यादव, रिंकू यादव, सारा जावेद, निखत परवीन, संजू पासवान उपस्थित थे। संचालन नाजिम रजा ने किया।