गाजीपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल अंतर्गत 21 किमी लंबे औड़िहार-डोभी रेलखंड के दोहरीकरण, विद्युतीकरण (25 केवी क्षमता) का कार्य पूर्ण हो चुका है। जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि चार अक्तूबर को उत्तर पूर्वी सर्किल के रेल संरक्षा आयुक्त मो. लतीफ खान दोहरीकरण और विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी रामाश्रय पांडेय सहित मुख्यालय गोरखपुर एवं वाराणसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी रहेंगे। कहा कि रेल संरक्षा आयुक्त डोभी रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के बाद 10 बजे मोटर ट्रॉली से डोभी-औड़िहार रेलखंड पर दोहरीकरण के निमित्त बनी नई लाइन का परीक्षण करेंगे। इस दौरान इस खंड में पड़ने वाले कर्वेचर, पुल-पुलिया, सिग्नलों, सूचना बोर्डों, पावर सब स्टेशन, ओवरहेड ट्रैक्शन एवं समपार फाटकों का भी जायजा लेंगे। संरक्षा परीक्षण के बाद औड़िहार से डोभी की नई दोहरीकृत एवं विद्युतीकृत लाइन पर विद्युत इंजन से स्पीड ट्रॉयल किया जाएगा। उन्होंने औड़िहार-डोभी के मध्य रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों को सूचित किया कि कल से इस खंड की नई दोहरीकृत लाइन को चालू समझें और रेलवे ट्रैक एवं ओवरहेड लाइन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। नई रेल लाइन की ओवरहेड लाइन में 25 हजार किलोवाट का हाई वोल्टेज डीसी करेंट प्रवाहित होने लगेगा।