कासिमाबाद। भाजपा कासिमाबाद मंडल के अध्यक्ष संतोष गुप्ता के आवास पर बृहस्पतिवार को कार्यकर्ताओं एवं अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें बलिया जिले के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पूरे प्रदेश में सीएम आदित्यनाथ के कठिन परिश्रम से कोरोना महामारी को नियंत्रित करने में सफलता मिली। नीति आयोग ने अपनी सिफारिश में कहा था कि एक लाख केस ग्रामीण क्षेत्रों में पाए जाएंगे। रिपोर्ट के बाद सीएम ने जिस तरह से काम किया उसे कोरोना नियंत्रण में आ गया है। उन्होंने पंचायत चुनाव में जीत हासिल किए ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्यों को बधाई दी। बैठक में शिवप्रताप सिंह, नंदा राजभर, ओमप्रकाश अकेला, दीनानाथ ठाकुर, अनुज अकेला, लल्लन चौहान, शिवराज बिंद, लल्लन सिंह, रामानुज सिंह, नीरज पांडेय आदि उपस्थित थे। उधर, बाद में पत्रकारों से बातचीत में पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी अपने पद से हटाए जाएंगे। प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार कटिबद्ध है। एक सवाल के जवाब में कहा कि जिस तरह से गंगा नदी में शवों को दिखाया जा रहा है सच्चाई कुछ और है। कहा कि पूरे देश में पिछली सरकारों से जो लचर व्यवस्था मिली थी उसको सुदृढ़ एवं मजबूत बनाने के लिए काफी काम हुआ है। बताया कि जिले के हर पीएचसी एवं सीएचसी को ऑक्सीजन प्लांट से जोड़ा जा रहा है। पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित छन्नूलाल मिश्र के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि यह प्रकरण खुद मुख्यमंत्री के संज्ञान में है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी।