रेवतीपुर। ब्लाक सभागार में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा की गई। ब्लाक अंतर्गत सभी गांव के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के लिए क्षेत्र पंचायत के द्वारा एक करोड़ का प्रस्ताव पारित किया गया।
ब्लाक प्रमुख मुकेश राय ने कहा कि सभी सदस्यों को बगैर किसी भेदभाव के गांव के विकास कार्यों को कराने के लिए पर्याप्त धन दिया जाएगा। समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए, इसका प्रयास किया जाएगा। सदस्यों ने कहा कि शासन की बहुत सी योजनाओं का लाभ लोगों को कर्मचारियों और अधिकारियों की उदासीनता के कारण नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही है। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष में विकास से जुड़ी योजनाओं के बारे में विचार-विमर्श के साथ ही जन प्रतिनिधियों से विकास से संबंधित प्रस्ताव लिए गए। पात्र गृहस्थी राशन के मुद्दे को लेकर ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने चर्चा की। पूर्ति विभाग से बैठक में कोई भी संबंधित अधिकारी के न उपस्थित रहने के कारण ब्लॉक प्रमुख से लेकर सदस्यों ने नाराजगी जताई। बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष के कार्यों की पुष्टि की गई। वित्तीय वर्ष 2019-20 के विकास से संबंधित क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायत के विकास से संबंधित प्रस्ताव लिए गए। ब्लाक प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र पंचायत का सर्वांगीण विकास ही हमारा लक्ष्य है। सदस्य ऐसी विकास की योजनाएं बनाएं, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी शेरबहादुर सिंह, एडीओ भूपेंद्र सिंह, एडीओ जितेंद्र बहादुर, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. मनीष शर्मा, बड़े राय, जयशंकर राय, महेश ओझा, प्रमोद राय, राकेश राय लोहा, सतेन्द्र राय, महेंद्र उपाध्याय आदि मौजूद रहे।