भीमापार। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सैदपुर में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एफएलएन एवं एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों पर आधारित ब्लॉक स्तरीय संदर्भदाताओं के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उप शिक्षा निदेशक-डायट के प्राचार्य शैलेश कुमार पटेल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान बच्चों के समग्र शैक्षिक विकास की आधारशिला है। पाठ्य पुस्तकों के माध्यम से बच्चों में समझ, तर्क, रचनात्मकता और सीखने की रुचि विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
वरिष्ठ प्रवक्ता दुर्गा प्रसाद सिंह ने कहा कि निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एफएलएन एवं एनसीईआरटी की पाठ्य पुस्तकों पर आधारित यह प्रशिक्षण शिक्षकों को प्रभावी,आनंददायी और बाल-केंद्रित शिक्षण के लिए सशक्त बनाएगा। वरिष्ठ प्रवक्ता दिनेश सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण एफएलएन की मूल अवधारणाओं तथा एनसीईआरटी की नई पाठ्य पुस्तकों को समझने, अपनाने और कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रशिक्षण नोडल आलोक तिवारी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा, गतिविधियों तथा अपेक्षित परिणामों की जानकारी दी और इस प्रशिक्षण को वर्तमान समय में महत्वपूर्ण बताया। प्रशिक्षण के नोडल डॉ. मंज़र कमाल ने कहा कि इस प्रशिक्षण से शिक्षण की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की दक्षता बढ़ेगी। प्रशिक्षण के पहले दिन कुल नौ सत्र संचालित किए गए। प्रशिक्षण में डायट प्रवक्ता अभय चंद्रा, हरिओम यादव, राजवंत सिंह, डीसी सर्वजीत यादव, एसआरजी रितेश सिंह, प्रीति सिंह, अभिषेक कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. मंज़र कमाल ने किया।