पूछताछ करने पर मनबढ़ों ने खोया आपा, दो पुलिस कर्मियों की कर दी पिटाई
- पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
- तीनों आरोपियों में एक सेना का भगोड़ा सिपाही भी शामिल
- डोरा गांव के पास सिविल ड्रेस में मौजूद थे दोनों पुलिस कर्मी
विस्तार
गाजीपुर जिले के डोरा गांव के पास शुक्रवार की देर शाम सिविल ड्रेस में खड़े दो पुलिस कर्मियों ने एक बाइक पर सवार तीन मनबढ़ों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी। इससे नाराज मनबढ़ों ने दो पुलिस कर्मियों की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ जब-तक मौके पर पहुंचते तीनों फरार हो गए।
पुलिस ने मुकदमा दर्जकर तीनों की धर-पकड़ शुरू कर दी। आरोपियों में एक सेना का भगोड़ा सिपाही भी शामिल है। जानकारी के अनुसार थाने के दो सिपाही आयुष कुमार और सतीश कुमार पिछले दिनों ससना गांव में हुई चोरी के मामले की छानबीन के लिए सिविल ड्रेस में रघुवंश चौराहे के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन लोग दिखाई पड़े, जिस पर दोनों सिपाहियों ने उन्हें रोक दिया।
इस पर बाइक सवार तीनों पुलिस कर्मियों से उलझने लगे। दोनों सिपाहियों ने थाने का सिपाही होने की बात कहते हुए उनसे जाने को कहा। इसके बाद वह अपशब्द का प्रयोग करते हुए डोरा गांव की तरफ जाने लगे। इस पर दोनों पुलिस कर्मी उनका पीछा करते हुए गांव स्थित काली मंदिर के पास पहुंच गए।
वहां अंधेरा और सुनसान का लाभ उठाकर मनबढ़ों ने दो पुलिस कर्मियों को मारना-पीटना शुरू कर दिया। इधर जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष अगम दास ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव में देर रात दबिश दी लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। थानाध्यक्ष अगम दास ने बताया कि तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।