जमानिया। पंचायत चुनाव के मद्देनजर रविवार की शाम क्षेत्राधिकारी हितेंद्र कृष्ण ने देवढ़ी एवं देवैथा गांव में प्रत्याशियों एवं ग्रामीणों के संग बैठक कर शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान कराने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस आप के साथ है। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि प्रत्याशी भी किसी के बहकावे में नहीं आएं, नहीं तो उन्हें ही भारी नुकसान उठाना पड़ जाएगा। चुनाव को शांति और अपने दिमाग से लड़ें। सख्त लहजे में कहा कि मतदान में गड़बड़ी करने वाले लोगों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस गांव-गांव में अराजकतत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ न्यायालय से अग्रिम गिरफ्तारी वारंट ले रही है। अति संवेदनशील प्लस बूथ इस बार पैरा मिलिट्री के हवाले हैं। कोतवाल रविंद्रभूषण मौर्य ने कहा कि मतदान को प्रभावित करने वाले लोग जेल में होंगे। चुनाव को लोकतांत्रिक ढंग से लड़ें। कोविड का पालन करते हुए अपने मतदान का प्रयोग कर सीधे घर जाएं। वहीं, तहसीलदार घनश्याम ने सोमवार को तहसील सभागार कक्ष में आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी जानकारी दी। तहसीलदार ने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को बताया कि जिनकी डयूटी मतदान में नहीं लगी है। वह 28 अप्रैल की सुबह छह बजे हेतिमपुर स्थित महिला महाविद्यालय पहुचेंगी, जिससे विशेष परिस्थिति में उन्हें मतदान संबंधी कार्य में लगाया जा सके। इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद भांवरकोल: मुहम्मदाबाद के एसडीएम राजेश कुमार गुप्ता एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव द्विवेदी ने क्षेत्र के कनुवान गांव में सोमवार को आमजन से संवाद किया। इसमें सात गांव के प्रत्याशी मसोन, कनुवान, सुरनी, जगदीशपुर, बसनिया, सियाड़ी, मुड़ेरा गांव के प्रत्याशी मौजूद थे। एसडीएम ने बताया कि किसी को डरने की जरूरत नहीं है। भयमुक्त होकर कोरोना को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेंस का पालन करें एवं निर्भीक होकर मतदान करें। सीओ ने चुनाव आयोग की गाइड लाइन से रूबरू कराया। कहा कि दावेदार किसी भी तरह का प्रलोभन देने से बचें। किसी प्रत्याशी के प्रलोभन देने की सूचना अगर पुलिस को मिलती है तो प्रत्याशी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा, थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर रामनिवेश मौजूद थे।