Ghazipur: बीएसएफ जवान की पत्नी की हत्या का मुख्य आरोपी तीन माह बाद गिरफ्तार, बताया- क्यों मारा था
गाजीपुर जिले के कुर्था गांव में 26 सितंबर की दोपहर बीएसएफ जवान की पत्नी की हत्या बेरहमी से हत्या की गई थी। मामले में तीसरे और मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विस्तार
यूपी के गाजीपुर जिले के कुर्था गांव में बीएसएफ जवान की पत्नी की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह वारदात के बाद से फरार था। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त प्रयुक्त लोहे की रॉड और लूटी गई लाइसेंसी पिस्टल और चार कारतूस, सीसीटीवी की डीवीआर और एक मोबाइल बरामद किया गया।
लाइसेंसी पिस्टल लूटने से विरोध करने पर महिला की हत्या की गई थी। वारदात को अंजाम दोपहर में दिया गया। जब उसके बच्चे स्कूल गए थे और वह घर में अकेली थी। घटना के सात दिन के अंदर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर शुक्रवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर कर सामान की बरामदगी कर खुलासा किया गया।
26 सितंबर को दिनदहाड़े हुई थी हत्या
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि 26 सितंबर को कुर्था गांव में बीएसएफ जवान की पत्नी किरन प्रजापति की हत्या की गई थी। घटना के मुख्य आरोपी कुर्था निवासी मनीष कुमार यादव (24) उर्फ टिंकू पुत्र कृष्ण देव यादव को पुलिसकर्मियों ने आदर्श बाजार कांशीराम आवास तिराहा के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में मनीष यादव ने पुलिस को बताया कि वह 26 सितंबर को पिस्टल लूटने की नीयत से कुर्था गांव के ही अनीष यादव व विपुल यादव के साथ पवन प्रजापति के घर में घुसा था। वहां किरन प्रजापति ने देखकर विरोध किया तो उसकी रॉड व बांकी से मारकर हत्या कर दी और बक्से में रखी लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस व एक मोबाइल लूट लिया।
चलते समय सीसीटीवी को देखा तो साक्ष्य छिपाने के लिए सीसीटीवी डीवीआर को भी उठा ले गए थे। पुलिस ने मनीष यादव उर्फ टिंकू को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इससे पहले अनीष यादव निवासी हाथीखाना थाना कोतवाली, विपुल यादव निवासी फाक्सगंज थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।