सादात। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू होने में मात्र चार दिन का समय रह गया है। शनिवार को प्रधानाचार्यों को उपलब्ध कराए गए प्रवेश पत्र में तमाम छात्रों के फोटो नहीं लगी है जबकि नामावली सूची में उनकी फोटो है। यह समस्या किसी एक दो विद्यालय की नहीं बल्कि कई विद्यालयों के परीक्षार्थियों के साथ हुई है।
राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य विरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके विद्यालय से प्राइवेट फार्म भरने वाले लगभग 20 परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं है। एमएएच इंटर कालेज के प्रधानाचार्य खालिद अमीर ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखकर अपने यहां के 64 परीक्षार्थियों की सूचना दी है और उनसे इसका समाधान पूछा है। यहां पर जो प्रवेश पत्र मिला है उसमें 64 परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं है। यह सभी परीक्षार्थी इंटरमीडिएट के हैं। उधर, राजकीय हाईस्कूल बिरनो के प्रधानाचार्य जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि यहां से प्राइवेट फार्म भरने वाले हाईस्कूल के एक और इंटरमीडिएट के 17 परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं छपा है। ठीक इसी तरह की स्थिति राजकीय हाईस्कूल खानपुर के इंटरमीडिएट के चार परीक्षार्थियों की है। उनके प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं है। ऐसे दर्जनों विद्यालय हैं जहां इस तरह की समस्या है। प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं होने से परीक्षा देने वाले छात्रों की बेचैनी बढ़ गई है। संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्यों की भी इस समस्या को लेकर परेशानी बढ़ गई है।