मुहम्मदाबाद। सिविल बार एसोसिएशन मुहम्मदाबाद की बैठक बुधवार को बार भवन में हुई। इस मौके पर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्रनाथ श्रीवास्तव के घर एक पखवाड़े पहले हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश न होने पर आक्रोश प्रकट करते हुए तहसील के सभी न्यायालयों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।
बैठक के बाद आक्रोशित अधिवक्ता जुलूस की शक्ल में सिविल न्यायालय से तहसील कार्यालय तक गए और उपजिलाधिकारी डाॅ. हर्षिता तिवारी से मुलाकात कर उन्हें बार की ओर से पारित प्रस्ताव की प्रतिलिपि देते हुए कहा कि पिछले 3 दिसंबर को वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्रनाथ श्रीवास्तव के घर हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश करने में स्थानीय पुलिस विफल रही है। उपजिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं की उपस्थिति में ही कोतवाल से मोबाइल पर बात कर कहा कि अधिवक्ता के घर चोरी की घटना के एक पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी सुराग नहीं लगा है। आए दिन अधिवक्ता आकर हमसे शिकायत करते हैं और कार्य बाधित होता है। आप शीघ्र चोरी की घटना का पर्दाफाश करें। बैठक में मनोज श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, अरुण श्रीवास्तव, विश्वप्रकाश राय, कमला राय, अमरदेव राय, रविंद्र चक्रवर्ती आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय एवं संचालन महासचिव देवानंद भारती ने किया।