यूपी: पुलिस की पिटाई से युवक की मौत का आरोप, हिरासत में लिए गए भाई को छोड़ा
गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के सोढ़रा गांव में जमानत पर रिहा हुए एक युवक की तलाश में बुधवार की रात पुलिस दबिश देने गई थी। घर वालों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से युवक के बड़े भाई की मौत हुई है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग के लिए गुरुवार को मऊ-गाजीपुर मार्ग जाम कर दिया।
पुलिस के काफी समझाने पर ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। इसके एक घंटे बाद किसी तरह जाम समाप्त हुआ। तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, इलाके के सोढ़रा गांव निवासी चंदन पासवान को चोरी के मामले में कुछ दिन पहले पुलिस गिरफ्तार की थी। जमानत पर छुटने के बाद पुलिस टीम फिर से बुधवार की रात उसके घर पहुंची। इस बीच चारपाई पर सो रहे उसके बड़े भाई नारद उर्फ नरेंद्र पासवान(40) को उठाया और चंदन के बारे में पूछताछ करने लगे।
तब तक घर के लोग भी मौके पर पहुंच गए और जमीन पर गिरे नारद को चारपाई पर लिटा दिया। हालत बिगड़ने पर नजदीक के डॉक्टर के पास ले गए। कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। इधर सुबह नारद की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने चंदन को थाने से छोड़ दिया।
देखते ही देखते मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई। जबकि कुछ देर बाद पहुंची पुलिस काफी मशक्कत के बाद शव कब्जे में लेकर थाने आई, लेकिन लोगों ने वहां पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिए। मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने शव को बिना सील किए ही जनपद मुख्यालय के लिए रवाना कर दिया।
इधर आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने आंबेडकर प्रतिमा के सामने गाजीपुर-मऊ मार्ग पर सुबह दस बजे जाम लगा दिया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने पर करीब एक घंटे बाद 11 बजे जाम समाप्त हुआ। इस संबंध में कासिमबाद सीओ महिपाल पाठक ने बताया कि पुलिस पर लगे सभी आरोप बेबुनियाद हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।