गाजीपुर। नवरात्र के पहले दिन रविवार को देवी के दरबार में भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने देवी के शैलपुत्री स्वरूप का दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गहमर स्थित मां कामाख्या धाम पर जिले सहित दूसरे जिले के भक्तों ने भी मां के दरबार में मत्था टेका।
नवरात्र शुरु होते ही गांवों और शहरों में भक्तों ने पूजा पाठ करना शुरू कर दिया है। अधिकांश घरों में कलश स्थापित कर शेरावाली की आराधना की जा रही है। देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के मिश्रबाजार, महुआबाग, सकलेनाबाद, नवापुरा, रौजा, गोराबाजार, नवाबगंज, हमीद सेतु देवी मंदिरों पर दिन भर शक्ति की आराधना की धूम रही। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर उनसे मंगल की कामना की। गहमर स्थित मां कामाख्या धाम पर सुबह से ही भक्तों का रेला लगा रहा। भक्तों ने मंदिर परिसर में पूजा सामग्री की दुकानों से नारियल, चुनरी, फूल-माला की खरीदारी कर मां के चरणों में अर्पित किया और मन्नतें मांगी। इसी तरह रेवतीपुर स्थित मां भगवती, करीमदुदीनपुर स्थित मां कष्टहरणी भवानी, मुहम्मदाबाद तहसील स्थित मनोकामना देवी, अमवा की सती मइया, सैदपुर स्थित मां काली मंदिर, देवकली के चकेरी धाम स्थित दुर्गा मंदिर, बहरियाबाद स्थित टड़वा भवानी, बहादुरगंज स्थित मां चंडी, दिलदारनगर स्टेशन स्थित सायर माता, सादात स्थित मां काली, मतसा कसबा स्थित दुर्गा मंदिर, सादात के माहपुर स्थित काली मंदिर सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा मंदिरों में पूजन-अर्चन की धूम मची रही। संवाद