गाजीपुर में बदमाशों ने किसान को मारी गोली, खाना खाने के बाद घर के बाहर निकला था हाथ धोने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजीपुर जिले के मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के दौलताबाद गांव में शुक्रवार की देर रात ट्यूबवेल पर खाना खाकर हाथ धो रहे किसान को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसके बाएं हाथ की कोहनी के ऊपर लगी है। किसान ने खेत में भागकर जान बचाई। पुलिस ने किसान को सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने होमगार्ड समेत तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
गांव निवासी जितेंद्र कुशवाहा (40) देर रात ट्यूबवेल स्थित कमरे में खाना खाने के बाद बाहर निकलकर हाथ धो रहे थे। इसी दौरान पैदल तीन लोग आते दिखाई दिए। उन्हें देखकर जितेंद्र जब घर की तरफ भागने लगे तो बदमाशों ने गोली चला दी। गोली किसान के बाएं हाथ की कोहनी के ऊपर लगी।
अंधेरे का लाभ उठाते हुए जितेंद्र खेत में जा छिपे। कुछ देर तक तलाश करने के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने घायल से पूछताछ की और उसे अस्पताल भेजा।
कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर करीमुद्दीनपुर थाने पर पीआरबी 112 में तैनात होमगार्ड करकटपुर निवासी अखिलेश कुशवाहा के खिलाफ नामजद एवं दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन की जा रही है। मामले में महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।