गाजीपुर। जिलाधिकारी परिसर से तीन दिन पूर्व सोलर पैनल की चार बैटरी एवं आठ सीसीटीवी कैमरे की केबिल चोरी के मामले में सोमवार की देर रात पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात नौ होमगार्ड एवं डीएम कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उधर, एसपी कार्यालय के ठीक सामने कलेक्ट्रेट परिसर में चोरी कर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। ऐसे में सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। 21 जून की देर रात चोरों ने कलेक्ट्रेट परिसर में लगे सोलर पैनल की चार बैटरी चुराने के बाद जगह-जगह लगे आठ सीसी टीवी कैमरों की केबिल काट ली थी। 22 जून की सुबह कर्मचारी जब कार्यालय पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। कलेक्ट्रेट सदर के नाजिर प्रेमानंद सिन्हा की तहरीर पर पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड राजेश कुमार गिरी, हृदयनारायण, अजय कुमार, अक्षवर राम, गुलजार, सुरेश सिंह कुशवाहा, राजदेव, सुरेश सिंह यादव, रंगीला यादव और कलेक्ट्रेट के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मिथलेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी ने बताया कि होमगार्डों की तैनाती के बावजूद चोरी की घटना हुई है। ऐसे में कलेक्ट्रेट के सदर नाजिर की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नौ होमगार्ड सहित दस के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश होगा।