गोवंश तस्करी का खुलासा: पंजाब से बिहार ले जा रहे थे 18 गोवंश, पुलिस मुठभेड़ में तीन तस्कर गिरफ्तार
गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़ में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही पंजाब से बिहार जा रहे 18 गोवंश बरामद किए गए। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के बाएं पैर में गोली लगी।
विस्तार
पंजाब से गोवंश लादकर बिहार ले जा रहे तस्करों को भांवरकोल पुलिस ने मुहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर रसूलपुर के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में तीन तस्कर गिरफ्तार किए गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के बाएं पैर में गोली लग गई। दोनों डीसीएम में नौ-नौ गोवंश लदे थे। पुलिस ने मौके से दो डीसीएम के साथ एक तमंचा, एक खोखा और एक कारतूस बरामद किया।
क्या है पूरा मामला
भांवरकोल थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब से पशुओं को लेकर दो डीसीएम बिहार जा रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने रसूलपुर गांव के पास घेराबंदी कर एक डीसीएम को रोक लिया। तलाशी में उसमें नौ गोवंश मिले। चालक से पूछताछ में पता चला कि पीछे से एक और डीसीएम आ रही है, जिसमें नौ मवेशी लदे हैं।
कुछ देर बाद दूसरा डीसीएम मौके पर पहुंचा तो पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से निशाना लगाकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान पंजाब के लुधियाना जिले के समराला थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर वार्ड नंबर आठ निवासी सुखदीप कुमार के रूप में हुई।
वहीं, गिरफ्तार अन्य तस्करों की पहचान लुधियाना जिले के सदर जगरांव थाना क्षेत्र के चौकीमान निवासी दर्शन सिंह और समराला थाना क्षेत्र के बलियोन गांव निवासी पवन कुमार के रूप में हुई। घायल तस्कर का उपचार मुहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे।