गाजीपुर। भाकपा माले ने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। पांच सूत्री ज्ञापन डीएम आर्यका अखौरी को सौंपा गया। अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि सुहवल के सरैया में गोली से घायल धर्मेंद्र बिंद के परिवार को 10 लाख मुआवजा व परिवार को सुरक्षा दी जाए। हमलावरों की गिरफ्तारी के साथ मामले की न्यायिक जांच हो। गहमर के संतोष यादव व सर्वजीत यादव पर हमला मामले में उचित धारा जोड़ने, लापरवाही बरतने वाले सुहवल व गहमर पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की गई। कहा कि ये आश्चर्य की बात है कि गिरोहबंद दो दर्जन असलहों से लैस आरोपी बिंद बस्ती सरैया पर हमला कर देते हैं। धर्मेंद्र बिंद को गोली मार देते हैं। एक सप्ताह बीतने के बाद भी न तो सभी आरोपियों की न गिरफ्तारी हुई और न ही उनके असलहे जब्त हुए। आरोपी खुलेआम जानमाल की धमकी दे रहे हैं। आरोप लगाया कि मोदी-योगी की डबल इंजन की सरकार आज दलितों, पिछड़ों का दोहरा दमन कर रही है। किसान, मजदूर आज खाद की किल्लत और फर्जी बिजली बिल से परेशान हैं। गांव की बड़ी आबादी के पास कोई काम नहीं है। बिजली बिल माफ हो और 300 यूनिट फ्री बिजली यूपी में मिले। इस मौके पर शशिकांत कुशवाहा, राजेश वनवासी, योगेंद्र भारती, सतेंद्र प्रजापति, विजय वनवासी, अनिल राम, सुधाकर बिंद, भरत राम, बेचू वनवासी, प्रमोद कुशवाहा आदि मौजूद रहे।