Ghazipur News: मुख्तार अंसारी के साले सहित 4 के खिलाफ मुकदमा, जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़ा है मामला; 2 अरेस्ट
Ghazipur News: जंगीपुर और अकरमपुर उर्फ बंजारी पूर्व में उनकी जमीन थी। बीते 26 जून 2018 को मुख्तार अंसारी के साला सैय्यदबाड़ा निवासी सरजील रजा उर्फ आतिफ ने पीड़ित के बड़े भाई संतोष कुमार को अपने घर सैय्यदबाड़ा बुलाया और घर में बंद कर दिया। कहा कि अपनी जान की सलामती चाहते हो तो अपने भाइयों को बुलाओ।
विस्तार
गाजीपुर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर व बंजारीपुर में डरा- धमका कर जमीन खरीद-फरोख्त करने के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को मुख्तार के साले सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। देर शाम आरोपी दो भाइयों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। जबकि एक आरोपी फरार चल रहा है। वहीं, मुख्तार का साला पहले से ही जेल में बंद है।
शहर के मारकिनगंज टेढ़ी बाजार निवासी पीड़ित मनोज कुमार ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि जंगीपुर और अकरमपुर उर्फ बंजारी पूर्व में उनकी जमीन थी। बीते 26 जून 2018 को मुख्तार अंसारी के साला सैय्यदबाड़ा निवासी सरजील रजा उर्फ आतिफ ने पीड़ित के बड़े भाई संतोष कुमार को अपने घर सैय्यदबाड़ा बुलाया और घर में बंद कर दिया। कहा कि अपनी जान की सलामती चाहते हो तो अपने भाइयों को बुलाओ और तीनों लोग अपनी अकरमपुर वाली जमीन हमें बैनामा कर दो।
सूचना मिलते ही पीड़ित मनोज कुमार और केशव कुमार के साथ 28 जून, 2018 को सैय्यदबड़ा मुहल्ला पहुंचा। जहां पहले से विक्रम बाबू अग्रहरी उर्फ विक्की, संजय अग्रहरी निवासी मिश्रबाजार और शंकु अग्रहरी निवासी महाजन टोली और अपने अन्य साथियों के साथ मौजूद थे। सरजील रजा ने हम तीनों भाइयों से कहा कि तुम लोग अपनी अकरमपुर वाली जमीन विक्रम बाबू अग्रहरी व संजय अग्रहरी को बैनामा कर दो। तत्काल पैसा भी दिलवा दे रहे हैं। खाते में कुल एक करोड़ रुपये संजय अग्रहरी और विक्रम अग्रहरि ने ट्रांसफर कर दिया और अपनी गाड़ी पर बैठकर हम तीनों भाइयों को कचहरी ले गए।
रजिस्ट्री ऑफिस में मौज अकरमपुर बंजारीपुर की जमीन बैनामा कर ली
इसके बाद तीनों भाइयों को पुनः सरजील के घर सैय्यदबाड़ा ले गए। जहां हम तीनों भाइयों से ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करने को कहा गया तो हम लोगों ने इनकार कर दिया तो सरजील रजा ने गुस्से में आकर अपनी बंदूक दिखाकर कहा कि अब तक इससे 27 लोग मारे हैं और तुम लोग का भी नंबर है। इससे हम लोग डर के मारे ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर कर दिया। पुनः दो अगस्त 2019 को भाई संतोष को सरजील रजा ने घर पर फोन करके बुलाया, लेकिन वह नहीं गए।
शंकु अग्रहरी की तलाश जारी
सरजील रजा ने अपने एक आदमी को भेज कहलवाया कि जंगीपुर वाली जमीन रजिस्ट्री कर दो नहीं तो जिंदा नहीं बचोगे। तब हम तीनों भाई डर कर सीधे कचहरी पहुंच गए। जहां पर विक्रम बाबू अग्रहरी उर्फ विक्की, संजय अग्रहरी और शंकु अग्रहरी मौजूद थे। कुछ ही देर में सजीलरजा उर्फ आतिफ अपने साथियों के साथ पहुंचा और कहा कोई रजिस्ट्री नहीं होगी। तुम तीनों भाई मेरे घर चलो, लेकिन हम लोग नहीं तैयार हुए। विक्रम बाबू अग्रहरी व शंकु अग्रहरी ने कहा कि चलो रजिस्ट्री करो हम लोग तुम्हें बचा लेंगे, नहीं रजिस्ट्री करोगे तो हम लोग भी कुछ नहीं कर पाएंगे।
जान का भय दिखाकर बिना कोई पैसा दिया ही जंगीपुर स्थित मकान व दुकान को शंकु अग्रहरी के नाम से बैनामा करा दिया। केवल पांच बिस्वा जमीन का बैनामा कराकर पूरे जमीन पर बलपूर्वक काबिज हो गए और बाउंड्री भी करा लिया। इस संबंध में कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि विक्रम बाबू अग्रहरी और संजय अग्रहरी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। आरोपी शंकु अग्रहरी की तलाश की जा रही है।