सुहवल। रेवतीपुर नवयुवक संघ के तत्वावधान में ग्रामीण स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज के मैदान पर हुआ। वार्ड नंबर 11 और छह के बीच खेले गए फाइनल में दोनों टीमें संयुक्त रूप से विजेता रहीं। मध्यांतर से पहले दोनों टीमों को कई अवसर मिले, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली और दोनों टीमें गोल रहित बराबरी पर रहीं। इसके बाद शुरू हुए मुकाबले में भी दोनों टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया। मैच समाप्त होने पर दोनों टीमें गोलरहित बराबरी पर रहीं। निर्णय निकलता न देख निर्णायक ने टाईब्रेकर का फैसला लिया जिसमें दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रही। इसके बाद निर्णायक ने दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया। मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख अजिताभ राय राहुल ने विजेता एवं उप विजेता टीम को कप देकर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में मैन आफ द मैच दुर्गेश यादव, मैन आफ द सिरीज अमित राय तथा बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार अयूब खान को मिला। इस मुकाबले में बेस्ट वैल्युएबल प्लेयर अनय राय और बेस्ट अमेजिंग प्लेयर चिंटू को दिया गया। इस दौरान शैलेश पांडेय, अमित राय, केशव राय, विनोद गुप्ता, टुन्नू राय, जयनारायण राय, बंगा पांडेय, नन्हे राय मौजूद थे। निर्णायक मेहरुद्दीन खान तथा उद्घोषक की भूमिका प्रदीप राय ने निभाई।