UP: 'ट्रेन में बम है...', शिकायत पर अलर्ट हुए अधिकारी, 20 मिनट खड़ी रही गोरखपुर एक्सप्रेस; जानें पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में टोल फ्री नंबर पर शिकायत प्राप्त हुई थी। गोरखपुर एक्सप्रेस में चंद मिनट के अंदर अधिकारी पहुंच गए। 20 मिनट तक गहनता से जांच की गई। कुछ नहीं मिलने पर सभी लोगों ने राहत की सांस ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी से गोरखपुर जा रही गोरखपुर एक्सप्रेस में बुधवार की रात बम होने की अफवाह पर हड़कंप मच गया। एक यात्री के रेलवे के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर बम होने की आशंका जताने के बाद ट्रेन को औड़िहार जंक्शन पर रोक कर तलाशी ली गई।
जहां बम रखने की बात कही जा रही थी, वहां एक बाल्टी में मोबाइल का चार्जर मिला। इस दौरान तकरीबन 20 मिनट तक गाड़ी खड़ी रही। बलिया निवासी सत्यम उपाध्याय गोरखपुर एक्सप्रेस में वाराणसी सिटी से मऊ जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे ट्रेन में कुछ लोग आपस में विवाद कर रहे थे।
इस दाैरान बोगी में बम होने की बात कह रहे थे। इस पर उन्होंने रेलवे के टोल फ्री नंबर पर फोन कर जनरल बोगी में बम होने की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही रेलवे के कंट्रोल रूम से अलर्ट जारी हुआ और ट्रेन को औड़िहार जंक्शन पर रोक दिया गया।
इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने ट्रेन की तलाशी ली लेकिन कुछ नहीं मिला। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सैदपुर थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर ट्रेन में बम होने की बात कही जा रही थी, वहां एक बाल्टी में मोबाइल का एक चार्जर मिला। जिस यात्री ने बम होने की सूचना दी थी, उसी ने इस सूचना का खंडन भी किया। चेकिंग के बाद ट्रेन रवाना कर दी गई।