गाजीपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार और आम लोगों को इसकी जानकारी देने के लिए बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना की। उन्होंने लोगों से लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने मामलों का निस्तारण कराने की अपील की।
रैली के दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों और पराविधिक स्वयंसेवकों ने लोगों को लोक अदालत के फायदे बताए। अधिकारियों का जोर अधिक से अधिक लंबित मामलों को सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित कराने पर है। छोटे आपराधिक मामलों, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना, बिजली चोरी और स्टाम्प-पंजीयन से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी।