गाजीपुर। जमानिया क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सामने आ रही थीं। क्षेत्र में बड़ी संख्या में ट्रांसफाॅर्मर खराब होने और समय पर बदलने की कार्रवाई नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी कारण बीते बृहस्पतिवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा की ओर से एक्सईएन अशरफी लाल को निलंबित कर दिया गया।
उन पर ऊर्जा मंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनुपस्थित रहने, जनप्रतिनिधियों के फोन का जवाब नहीं देने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान में रुचि नहीं लेने का आरोप है। जमानिया एक्सईएन पर कार्रवाई के साथ ही बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना को भी ऊर्जा मंत्री की ओर से कड़ी चेतावनी दी गई। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि जिले भर में बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। वहीं अवर अभियंता संजीत कुमार ने बताया कि जमानिया क्षेत्र में लंबे समय से बिजली आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं की गंभीर शिकायतें सामने आ रही थीं। क्षेत्र में 100 से अधिक ट्रांसफाॅर्मर लंबे समय से खराब और जले पड़े थे, जिन्हें समय पर न बदले जाने के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित थी। इसके साथ ही ओवरलोड ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ाने में हो रही देरी से भी उपभोक्ता परेशान थे। ऊर्जा मंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में एक्सईएन अशरफी लाल अनुपस्थित रहे थे।