रेवतीपुर। गांव स्थित ग्रीन पार्क स्टेडियम में 12 से 17 सितंबर तक 69वीं प्रादेशिक विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया किया जाएगा। इसमें अंडर 14, 17,19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन रेवतीपुर स्थित नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज की ओर से किया जाएगा। प्रधानाचार्य संतोष राय ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी की जा चुकी हैं। रेवतीपुर में सुहवल व जंगीपुर स्थित दो खेल मैदान मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं, महिलाओं के लिए गोरा बाजार स्थित स्टेडियम एवं पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज का मैदान रखा गया है। बालकों की टीम में नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज में आगरा, अलीगढ़, मेरठ, स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई, स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, सहारनपुर, मुरादाबाद, अयोध्या, बस्ती, प्रयागराज, आजमगढ़, लखनऊ, गोरखपुर मंडल की टीमें रहेंगी। वहीं सुहवल इंटर कॉलेज में मिर्जापुर, वाराणसी, देवी पाटन, झांसी की टीम तथा श्री कृष्णा इंटर कॉलेज डेढ़गांवा में कानपुर, बरेली, चित्रकूट मंडल की टीम रहेगी। वहीं, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गाजीपुर में अलीगढ़, आजमगढ़, कानपुर, मेरठ, बरेली, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, झांसी, सहारनपुर देवी पाटन तथा लूद्रस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज में मुरादाबाद, लखनऊ, मिर्जापुर, आगरा, बस्ती मंडल की बालिकाओं की टीम रहेगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच रेवतीपुर के नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज में 12 सितंबर को होगा। मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह होंगे।