फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ghazipur News ›   40 mm rain in three hours, roads and streets submerged

Ghazipur News: तीन घंटे में 40 मिमी बारिश, सड़कें-गलियां जलमग्न

Fri, 05 Jul 2024 11:20 PM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Fri, 05 Jul 2024 11:20 PM IST
विज्ञापन
40 mm rain in three hours, roads and streets submerged
गाजीपुर। जनपद में सीजन की सबसे अच्छी बारिश शुक्रवार को हुई। हालांकि तेज गरज के साथ हुई तीन घंटे की बारिश ने ही नगरपालिका की व्यवस्थाएं उजागर कर दीं। सड़कें और गलियां घटों तक जलमग्न रहीं। जिला प्रशासन ने बारिश और जलभराव को देखते हुए शुक्रवार को एक दिन के लिए सभी विद्यालयों को बंद करने का आदेश दे दिया। आपदा विभाग ने भी रेड अलर्ट जारी कर दिया। हालांकि कहीं जनहानि नहीं हुई। पीजी कॉलेज कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक कपिलदेव शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की भोर में 4 बजे से सुबह 7 बजे तक 40 एमएम बारिश हुई है।
विज्ञापन

भोर में चार बजे से तेज गरज के साथ पूरे जनपद में बारिश शुरू हुई। आपदा विभाग की ओर से 4.50 बजे अलर्ट जारी किया गया कि गाजीपुर रेड जोन में चल रहा है। लोगों की नींद खुली तो हर ओर पानी ही पानी नजर आने लगा। सात बजे तक रूक-रूक कर तेज बारिश हुई। रौजा, लंका, सिंचाई कॉलोनी, मिश्रबाजारस झंडातर आदि इलाकों में पानी भरा रहा। झंडातर इलाके में तो लोग विरोध में सड़क पर आ गए। सफाई न होने से नालियों और पटरियों के किनारे रखे कचरे सड़कों पर फैल गए। कुछ इलाकों में तो लोगों का घर से निकलना मुश्किल था। वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि बारिश के चलते सभी स्कूलों को एक दिन के लिए बंद करवा दिया था। दूसरी ओर कॉन्वेंट के भी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम रही, जिससे जल्दी ही विद्यालयों को बंद कर दिया गया। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। रूक-रूक कर बूंदाबांदी हुई। पीजी कॉलेज कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक कपिलदेव शर्मा ने बताया कि मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त आगामी पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार हल्के बादल छाए रहने के साथ ही मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने की संभावना है। साथ ही पूर्वी हवा औसतन 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा से चलने की उम्मीद है।
विज्ञापन

स्कूल की चहारदीवारी गिरी
देवकली। क्षेत्र में दो दिनों से हो रही बारिश से एक पेड़ गिर गया। वहीं एक स्कूल की चहारदीवारी भी गिर गई। उधर, बारिश शुरू होते ही बिजली कट गई थी। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

विद्युत खंभा गिरने से आपूर्ति बाधित
जमानिया। हेतिमपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लगा विद्युत खंभा बृहस्पतिवार की रात हुई बारिश में गिर गया। इससे आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत निगम के जेई इंद्रजीत पटेल ने बताया कि बारिश और तेज हवा की वजह से बिजली का एक खंभा रात करीब 11:30 बजे गिर गया। इससे कुछ घरों की आपूर्ति बाधित हो गई। कर्मचारियों को भेज कर दुरुस्त कराने का प्रयास किया जा है। शुक्रवार की सुबह जहां खंभा टूटा है, उस जगह से जंफर खोल दिया गया है और शेष जगह की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। खंभा बदला जा रहा है।
अंडरपास में भरा पानी, आवागमन में दिक्कत
बारा। बारिश शुरू होने के बाद लोगों की परेशानियां बढ़ गईं हैं। दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल खंड के बारा-भतौरा मार्ग पर बने रेलवे अंडरपास में जलभराव से हजारों की आबादी को आवागमन करने में परेशानी हो रही है। लोगों ने इसकी शिकायत रेल अधिकारियों से की है।
दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल पथ पर बारा-भतौरा मार्ग पर बारा कला हाल्ट तथा कर्मनाशा पुल के बीच में बने अंडरपास के नीचे से आसपास के चार गांव बारा, हरकरनपुर, भतौरा, दलपतपुर के लोगों का आवागमन होता है। यहां से करीब 70 हजार की आबादी का आना-जाना होता है। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से अंडरपास के नीचे रास्ते में जलभराव हो गया है। इससे पैदल, दो पहिया एवं चार पहिया वाहन चालकों को आवागमन करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि रेल अधिकारियों ने यहां पर जल निकासी का समुचित प्रबंध नहीं किया है। उन्होंने जल्द समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
कस्तूरबा, कंपोजिट विद्यालय और बीआरसी प्रांगण में जलभराव
जमानिया। क्षेत्र के हेतिमपुर गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, इंग्लिश मीडियम कंपोजिट विद्यालय और बीआरसी प्रांगण में जलभराव हो जाने से बंद कर दिया गया है। इसके कारण छात्रों का पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से पानी निकास के लिए नाली का निर्माण कराया जाना था। लेकिन, नाली का निर्माण नहीं हो पाया। इसके चलते बीआरसी प्रांगण में कस्तूरबा हॉस्टल, इंग्लिश मीडियम स्कूल, कंपोजिट विद्यालय के सामने परिसर में जलभराव होने के कारण बच्चों सहित शिक्षिकाओं को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बीआरसी प्रांगण में पानी निकासी की व्यवस्था होने के बाद भी जल भराव से महिला शिक्षिकाओं के साथ पुरुष शिक्षकों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।

अस्पताल परिसर में भरा पानी

नंदगज। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से बाजार स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में बरसात का पानी इकट्ठा होने से अस्पताल में आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के अंदर जच्चा-बच्चा केंद्र और आयुर्वेदिक अस्पताल भी है। जलभराव से 102 नंबर एंबुलेंस भी केंद्र तक नहीं पहुंच पा रही है। प्रभारी चिकित्सधिकारी डॉ. पंकज ने कहा कि अस्पताल परिसर सड़क से नीचे स्थित होने से बरसात का पानी इकट्ठा हो जा रहा है। इससे उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed