गाजीपुर। शुक्रवार को जिले से भेजे गए 28 संदिग्ध लोगों की रिपोर्ट आई। सभी निगेटिव रहे। जिससे जिला प्रशासन को काफी राहत मिली है। इधर, 36 नए लोगों के सैंपल भी लिए गए और जांच के लिए वाराणसी भेजा गया। अब तक कुल 458 लोगों के सैंपल भेजे गए है। जिसमें से 119 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इनमें कोरोना की महिला मरीज के साथ रह रहे या उनसे जुड़े 19 लोगों की रिपोर्ट को बेहद खास माना जा रहा है। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग के 25 कोरोना वारियर्स के भी रिपोर्ट अभी आना है। अग यह सभी निगेटिव आ गए तो जिले में अब कोई खास खतरा नहीं रह जाएगा। इधर, वाराणसी से ठीक हो कर लौटे पांचों कोरोना के मरीजों को हमीद सेतु स्थित शम्मे हुसैनी अस्पताल में रखा गया है। यहां पहले से भी 11 जमाती रखे गए हैं। इन सभी पर मुकदमा दर्ज है। इधर, कोरोना की ड्यूटी में लगाए गए मुहम्मदाबाद के लेवल वन अस्पताल के 25 स्वास्थ्य कर्मियों का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया है। इन सभी कर्मचारियों को अस्पताल के सामने ही एक लाज में क्वारंटीन किया गया है। जिलाधिकारी ओम प्रकाश आर्य तथा मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश शुक्ला ने वहां जाकर स्थिति का जायजा भी लिया। इसी क्रम में, भांवरकोल संवाददाता के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के काम में लगाए गए यूपीडा के सभी छोटे-बड़े 162 कर्मचारियों की शुक्रवार को थर्मल स्क्रीनिंग की गई। यहां सड़क तथा डिपो के कार्यालय भवनों के निर्माण का काम काफी तेजी से शुरू हो गया है। इसे देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोड़उर से डा. वीरेंद्र यादव, डा. विपिन सिंह आदि के नेतृत्व में टीम पहुंची और सभी की जांच की। इसमें सभी के स्वस्थ पाए जाने पर राहत महसूस किया। इस मौके पर प्रोजेक्ट मैनेजर सतीश उपाध्याय, सपना, धर्मेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव, नंदलाल कुशवाहा आदि मौजूद रहे।