Firozabad News: बेटे ने महिला को मारी गोली, पिता शव पर कर रहा विलाप, खुलासा हुआ तो सभी रह गए दंग
फिरोजाबाद में व्यापारी के बेटे ने महिला को गोली मार दी। उसका पिता शव पर विलाप रहा था। पुलिस जांच में मामले का खुलासा हुआ तो सभी लोग दंग रह गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां व्यापारी के बेटे ने रंजिश में मोहल्ले की ही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं हत्यारोपी का पिता शव पर विलाप कर रहा था। शनिवार की रात करीब एक बजे डॉक्टरों के पैनल ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम किया। गोली शरीर में कहां धंसी है, इसका पता लगाने के लिए शव का एक्स-रे कराया गया।
घटना उत्तर थाना क्षेत्र के तिलक नगर मोहल्ला की है। यहां की रहने वाली सुधा (54) पत्नी देशपाल जादौन शनिवार सुबह फिजियोथेरेपी कराने अस्पताल जा रही थीं। पति देशपाल बाइक लेकर तिलक नगर मोड पर उनका इंतजार कर रहे थे। सिद्धेश्वर नाथ मंदिर के पास गली के मोड पर एक युवक ने तमंचे से गोली मार कर उनकी हत्या कर दी थी। पति ने अज्ञात हत्यारे के खिलाफ प्राथमिकी लिखवाई थी। पुलिस की अभी तक की जांच में पुलिस हत्यारोपी तक जा पहुंची है।
व्यापारी के बेटे ने मारी गोली
पुलिस जांच में पता चला है कि सुधा की हत्या रंजिश में एक आटो पाटर्स विक्रेता के बेटे ने की थी। उसकी पहचान पुलिस ने कर ली है। रंजिश की वजह को लेकर तिलक नगर के लोगों में कई तरह की चर्चा है। महिला के स्वजन ने भी रंजिश में ही हत्या होने की आशंका पुलिस से जताई है। एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। एक-दो दिन में हत्यारोपी को पकड़ लिया जाएगा।
मकसद था महिला को रास्ते से हटाना
पुलिस की जांच में यह साफ हो गया था कि महिला लूट के इरादे से नहीं की गई है। क्योंकि, हत्यारे ने महिला के पर्स आदि कोई लूटपाट नहीं की। हत्यारे ने सुधा के शरीर पर जिस तरह से गोली दागी, उसके साफ लग रहा था कि हत्यारा उसे रास्ते से हटाना चाहता है। पुलिस ने इलाकाई लोगों से पूछताछ व परिवार के लोगों से पूछताछ करने के बाद हत्यारोपी का पता लगा लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने हत्यारोपी के पिता को हिरासत में पूछताछ के लिए उठाया है।
हत्यारोपी का पिता भी बहाता रहा था आंसू
सुधा की हत्या की खबर जैसे ही आटो पार्ट्स विक्रेता को चली वह भी सुधा की मौत पर आंसू बहाने आ गया। लेकिन, उसे यह नहीं पता था कि हत्यारा कौन है। पुलिस की जांच व सीसीटीवी की मदद से हत्यारोपी का चेहरा भी साफ सामने आ गया। पुलिस अब हत्यारोपी को पकड़ने की जुगत में है। हत्यारोपी के पकड़े जाने के बाद ही हत्या का असल मकसद सामने आ सकेगा।