उटसानी मेला दंगल: होशियार सिंह ने हांक दिया पूरा मैदान, किसी पहलवान ने लड़ने की नहीं दिखाई हिम्मत; विजयी घोषित
उटसानी मेला दंगल में होशियार सिंह ने पूरा मैदान हांक दिया। किसी पहलवान ने उनके सामने लड़ने की हिम्मत नहीं दिखाई। अंत में उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बृहस्पतिवार को दंगल का आयोजन किया गया। यह आयोजन अनवारा स्थित उटसानी मेले में हुआ। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि बीआर यादव ने किया। इस मौके पर उन्होंने पहलवानों का हौसला अफजाई किया। कहा कि कुश्ती से शारीरिक व्यायाम भी होता है।
इसके बाद पहलवानों के बीच मुकाबला शुरू हुआ। जसराना के पहलवान लोकेश ने बरहन के अंकुर पहलवान को पराजित किया। अनवारा के पहलवान राहुल व सेमरा के अर्जुन पहलवान की कुश्ती बराबरी पर रही। बनारस के पहलवान लोकेन्द्र ने बुढ़ाना के पहलवान विष्णु को हराया। कपावली के पहलवान मनोज कुमार ने चक नगर के पहलवान संतोष को धूल चटाई। क्रम आगे बढ़ता रहा और कुश्ती देख लोग आनंद लेते रहे।
41 हजार और सेला देकर किया गया सम्मानित
दंगल में आखरी कुश्ती के लिए होशियार सिंह ने पूरा मैदान हांक दिया। लेकिन, उनके सामने कोई पहलवान लड़ने नहीं आया। कुछ देर बाद निर्णायक कमेटी ने होशियार सिंह को विजयी घोषित कर दिया। उन्हें 41 हजार रुपये व सेला देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अशोक यादव, दिनेश यादव, महेश चंद्र, राकेश, महीपाल, हीरालाल, जुगेन्द्र, पूरन लाल, राजेश, डीपी यादव व विजेन्द्र वर्मा आदि मौजूद रहे। दंगल अध्यक्ष चन्द्रवीर यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया।