शिकोहाबाद। नगर के पथवारी मंदिर के समीप स्थित अरविंद फर्नीचर के बेसमेंट में बृहस्पतिवार तड़के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग से बेसमेंट में रखा लकड़ी का सामान जल गया, जबकि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व अन्य सामान भी खराब हो गए। घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
भाजपा नेता अरविंद गुप्ता की पथवारी माता मंदिर के पास अरविंद फर्नीचर के नाम से दुकान है। जहां से वह लकड़ी एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचते हैं। शोरूम की ऊपरी मंजिल में वह परिवार के साथ निवास करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे करीब शॉर्ट सर्किट के कारण शोरूम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग शोरूम के अंदर चारों तरफ फैल गई। दुकान में रखा हुआ लाखों रुपयों का फर्नीचर का सामान जलकर राख हो गया। वहीं इलेक्ट्रॉनिक सामान में भी तकनीकी खामियां आ गईं। घटना की जानकारी शोरूम स्वामी को सुबह सात बजे करीब तब हुई, जब वह शोरूम खोलने के लिए पहुंचे। शोरूम के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। शोरूम के अंदर चारों तरफ धुआं ही धुआं था। बेसमेंट में जाकर देखा तो काफी सामान जलकर राख हो चुका था। कुछ देर बाद आग स्वतः ही बुझ गई थी। शोरूम स्वामी ने बताया कि गनीमत रही कि आग उपरी मंजिल पर नहीं फैली, अन्यथा परिवार को भी जान का खतरा हो सकता था।