Firozabad: रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला लापता युवक का शव, परिजन बोले- की गई हत्या
फिरोजाबाद में लापता युवक का शव रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला। परिजनों को खबर मिली तो चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में सुबह घर से निकले युवक का शव रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला। लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। वहीं मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या कर शव फेंकने की बात कही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टूंडला थाना क्षेत्र के लालबेग अकबरपुर गांव निवासी सौरव (20) रविवार सुबह छह बजे घर से निकला था। परिजन ने उसके खेतों पर या गांव में ही होने पर ध्यान नहीं दिया। जब वह शाम तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजन को चिंता हुई। परिजन ने उसकी गांव में तलाश की। उसके यार दोस्तों से जानकारी की, किंतु उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
रेलवे लाइन के किनारे शव पड़ा होने की मिली सूचना
परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे, तभी देर रात सौरव का शव हिरनगांव रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे लाइन के किनारे पड़े होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिजन वहां पहुंच गए। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजन का आरोप है कि सौरभ की हत्या कर शव को रेलवे लाइन किनारे फेंका गया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।