UP: रेलवे ट्रैक के पास लहूलुहान हाल में मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष के लोग बोले- बेटी की हत्या की गई
रेलवे ट्रैक के पास लहूलुहान हाल में विवाहिता का शव मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने कहा कि बेटी की हत्या की गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक के पास लहुलूहान हालत में मिला। मायका पक्ष का आरोप है कि ससुरालीजन दहेज के लिए उत्पीड़न करते थे। बेटी को पहले फंदे पर लटकाया। इसके बाद उसे रेलवे ट्रैक के पास फेंका गया है।
उसका मंगलवार दोपहर शव मक्खनपुर में गांव रामनगर के सामने रेलवे ट्रैक पर मिला। चेहरा भी पहचान में नहीं आ रहा था। पति ने पैरों से शव की पहचान की। शव का पोस्टमार्टम डाक्टरों के पैनल से कराया गया। आठ ससुरालीजन के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। घटना मक्खनपुर थाना के जेबड़ा गांव की है।
आगरा, बाह के गांव चौराग बेहड़ निवासी पिता हंसराज सिंह ने अपनी सुनीता (24) की शादी तीन वर्ष पहले जेबड़ा निवासी रिंकू के साथ की थी। सोमवार को किसी पड़ोसी ने हंसराज को फोन कर ससुरालीजन द्वारा सुनीता की कमरे में फंदे से लटका कर हत्या करने की सूचना मोबाइल पर दी।
हंसराज से इसकी जानकारी पर इंस्पेक्टर शिव सिंह चौहान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन मकान में ताला बंद मिला। कुछ पड़ोसियों ने परिजन द्वारा महिला को किसी अस्पताल में ले जाने की जानकारी दी। पुलिस महिला की तलाश करती रही लेकिन उसका पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह हंसराज भी जेबड़ा पहुंच गए। वे ससुरालीजन पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर सुनीता की फंदे से लटका कर हत्या करने का आरोप लगाने लगे। गुरुग्राम में प्राइवेट काम करने वाला रिंकू भी गांव में पहुंच गया। इसके बाद पुलिस और ये सभी लोग विवाहिता की तलाश में जुटी।
दोपहर करीब सवा एक बजे राम नगर के पास रेलवे ट्रैक पर महिला का शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिला। पति रिंकू ने पैर से शव की पहचान सुनीता के शव के रूप में की। वह एक बच्चे की मां थी। पिता ने बताया कि ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी पुत्री की फंदे से लटका कर हत्या कर दी।
इसके बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। मामले में पति को निर्दोष बताते हुए आठ ससुरालीजन ससुर राजनाथ, देवर रोहित, ननद शिवानी, चचिया ससुर देवेंद्र, चचिया सास बबीता, चचिया ससुर पूरन सिंह, चचिया सास सुनीता व एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पहले पिता ने कहा था कि दस हजार के लिए पति बना रहा था दवाब
मृतक के पिता हंसराज ने पहले मक्खनपुर पुलिस को बताया कि उसकी बेटी सुनीता को शादी के बाद से ही ससुरालीजन परेशान करते थे। पति रिंकू उनकी बेटी से 10 हजार रुपये लाने के लिए दबाव बना रहा था। सोमवार शाम सात बजे बेटी का उनके पास फोन आया था कि 10 हजार रुपये उससे मांगे जा रहे हैं। लेकिन बाद में पति को निर्दोष बताया।