फिरोजाबाद। 70 दिन बाद सुहागनगरी में चूड़ी के गोदाम शुक्रवार को खुल गए। गोदामों पर चूड़ियां खनकने लगीं लेकिन नए माल की आवाजाही नहीं हुई। प्रशासन की शर्तों के तहत गोदाम खोलकर पहले से रखे माल को तैयार करने का काम चलता रहा। दुर्गानगर, हनुमान गंज, हुंडावाला बाग, चौबेजी का बाग क्षेत्र में काफी चहल-पहल दिखाई दी। चूड़ी विक्रेता गोदामों की साफ सफाई करने के साथ ही स्टॉक में रखे माल को पैक करते हुए दिखे।
शुक्रवार को सुबह से चूड़ी गोदाम खुलना शुरू हो गए। इस दौरान पुलिस की टीम भी क्षेत्र में गश्त करती दिखाई दी। वहीं चूड़ी विक्रेता संघ की बैठक में मुकेश बंसल ने कहा कि प्रशासन की ओर से जिन शर्तों के साथ गोदामों खोलने की बात कही है सभी व्यापारी उन शर्तों का पालन करेंगे। सुभाष नेताजी ने कहा प्रशासन ने कच्चा माल तथा कारीगरों के घर से माल के आवागमन पर जो प्रतिबंध लगाया है वह भी शीघ्र हटेगा ऐसी उम्मीद शहर के चूड़ी विक्रेता करते हैं। पिंकी जैन ने गोदाम खोलने की अनुमति मिलने पर विधायक मनीष असीजा और नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह का आभार व्यक्त किया। जगदीश अग्रवाल जग्गी ने कहा कि तैयार माल का प्रशासन ने नौ तारीख के बाद निर्णय लेने को कहा है उम्मीद है उसकी शीघ्र अनुमति मिलेगी। अलिंद अग्रवाल पार्षद हरिओम वर्मा और प्रमोद राजोरिया ने कई गोदामों में जाकर कर्मचारियों को संक्रमण से बचने के उपाय बताने के साथ सैनिटाइज कराया। बैठक में कपिल अग्रवाल, संजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल जैन, अजय गुप्ता, नवीन अग्रवाल, डब्बू मित्तल, राजकुमार अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल, बालकिशन, गप्पू जैन, सत्यप्रकाश गुप्ता शामिल थे।