मेरठ: दो गुटों में ताबड़तोड़ फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में जानी थाना क्षेत्र के अफजलपुर पावटी गांव में बुधवार रात मस्जिद का गेट बंद कर नमाजियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। पूर्व प्रधान पति समेत दो दर्जन से ज्यादा नमाजी घायल हुए, जिन्हें जिला और मेडिकल अस्पताल समेत कई निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, गांव के वर्तमान प्रधान पति शराफत अली और पूर्व प्रधान पति बुनियाद अली में प्रधानी के चुनाव के समय से ही तनातनी चली आ रही है। चुनाव हारने के बाद बुनियाद अली ने गांव में ही दूसरी मस्जिद का निर्माण करा लिया था। बुनियाद अली पक्ष के लोग इसी मस्जिद में नमाज पढ़ने लगे।
आरोप है कि दूसरी बड़ी मस्जिद के इमाम खरखौदा निवासी जफरुद्दीन ने ऐलान कर दिया था कि बुनियाद अली के पक्ष की मस्जिद में आने वाला चंदा भी गांव की बड़ी मस्जिद में जमा कराया जाए। इसको लेकर चार दिन पूर्व दोनों पक्षों के बीच तकरार भी हो गई थी।
हमले के बाद गांव में पहुंची फोर्स
बुधवार रात करीब नौ बजे बुनियाद अली पक्ष के लोग अपनी मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे। आरोप है कि प्रधान पति के नेतृत्व में पहुंचे दो दर्जन से ज्यादा हथियारबंद युवकों ने मस्जिद का गेट बंद कर दिया और नमाजियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हमले से मस्जिद में भगदड़ मच गई।
लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। सूचना पर एसएसपी ओंकार सिंह और एसपी देहात कैप्टन एमएम बेग भी आसपास के थानों की फोर्स लेकर गांव पहुंच गए।
बुनियाद अली, अलबेल, अख्तर, इब्राहिम, आसमां, शेर खान, छिद्दा, वजीर, आकिल, शाकिब, जुल्फिकार, अख्तर, जाहिद, अनवर सहित दो दर्जन से ज्यादा लोगों को गोली लगी है। अधिकांश घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी देहात के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चंदे को लेकर ही विवाद सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई, लेकिन सभी घरों से फरार मिले हैं।