फतेहपुर। सदर कोतवाली पुलिस पर नौ लाख के जेवरात चोरी के मामले में सुलह कराने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। आरोप है कि पुलिस ने दो लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं और बाकी के जेवर चोरी न होने की बात लिखने को कहा, मना करने पर झूठे आरोप में फंसाने की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र के रमवां रोड बेरूइहार से भाजपा नेता सोहनलाल के मकान से नौ मई को लाखों के जेवरात व दो लाख 50 हजार की नकदी चोरी हुई थी। चोर ताला तोड़कर सोने का हार, दो जोड़ी झुमकी, दो बेसर, तीन लाॅकेट, चांदी की दो चेन, एक जोड़ी पायल, दो हाफ पेटी, तीन जोड़ी तोडि़या और 500 ग्राम चांदी चुरा ले गए थे। कोतवाली पुलिस ने 17 मई को चोरी की रिपोर्ट दर्ज की थी। सोहनलाल ने बताया कि लोधीगंज चौकी प्रभारी संगीता यादव ने सोमवार की रात फोन किया। नाबालिग चोरों को पकड़े जाने की बात कही। उन्हें जेवरात व नकदी देने के लिए चौकी बुलाया। वह मंगलवार को सदर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने दो लाख 50 हजार रुपये बरामद होने की बात कही। बाकी जेवर चोरी नहीं होने की बात का सुलह लिखकर घर जाने का दबाव बनाया। सुलह से मना करने पर कोतवाली पुलिस ने झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी है। सोहनलाल ने बताया कि चोरी में पुलिस ने चार नाबालिगों को आरोपी बताया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की है।