फतेहपुर। चौडगरा से भोगनीपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। चौडगरा से पहुर मोड़ तक लगभग 500 मीटर सड़क में 50 से अधिक बड़े गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। इन गड्ढों के कारण प्रतिदिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।
गड्ढों में भरे बारिश के पानी से वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे वाहनसवार असंतुलित होकर गिर जाते हैं। वहीं भारी वाहनों के फंसने से घंटों लंबा जाम लग जाता है। इससे न केवल राहगीरों को दिक्कत हो रही है, बल्कि स्थानीय दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि विभाग ने पिछले सप्ताह गड्ढों में केवल गिट्टियां डालकर खानापूर्ति की थी, लेकिन दो ही दिन में सारी गिट्टियां गायब हो गईं। इसके बाद से अब तक कोई मरम्मत कार्य नहीं हुआ है। इस मार्ग से प्रतिदिन 10 से 20 हजार वाहन गुजरते हैं। इसमें दो से तीन हजार भारी वाहन शामिल हैं। पांच सौ मीटर में करीब 15 स्थानों पर गड्ढे दो से तीन फीट तक गहरे हैं। इन गड्ढों में रोजाना कोई न कोई बाइक सवार घायल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने विभाग की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं हुई, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता एसके गौतम ने बताया कि मार्ग के विषय में जानकारी लेकर इसे बनवाया जाएगा।