संक्रमित मरीज प्रयागराज से वापस लौटा - नयापुरवा में स्थितियां सामान्य, कंटेनमेंट हटा - रिपोर्ट नेगेटिव निकलने से क्वारंटीन किए लोगों को भेजा घर - प्रयागराज से वापस आए संकमित व परिजनों को 14 दिन की दूरी के निर्देश संवाद न्यूज़ एजेंसी जाफरगंज। नयापुरवा गांव में संक्रमित मिले युवक को इलाज के बाद प्रयागराज से उसके गांव भेज दिया गया। इधर, क्वारन्टीन किए गए सभी लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव होने पर उन्हें घर भेज दिया गया है परिवार को संक्रमित से 14 दिन तक दूरी बनाए रखने को कहा गया है। आठ मई को कोरोना का पॉजिटिव मरीज नया पुरवा गांव में पाया गया था। प्रशासन ने इसे इलाज के लिए प्रयागराज भेजा था। जांच के बाद प्रयागराज के डॉक्टर ने रविवार रात उसे घर भेज दिया है। साथ ही संक्रमित के परिजन मां, भाई, बहन, पिता व मित्र समेत सभी छह लोगों को जो गांव के प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन थे, उन्हें घर जाने की इजाजत दे दी गई। सावधानी के लिए सभी एक घर में रहकर 14 दिनों तक एक दूसरे से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे। सोमवार को पीएससी खजुहा प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने ग्राम प्रधान अशोक वर्मा के माध्यम से परिवार व गांव के अन्य लोगों को बचाव के उपाय सुझाए। जाफर गंज थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नयापुरवा गांव से पुलिस फोर्स व बैरिकेडिंग हटा ली गई है।