{"_id":"5a15c7424f1c1b8d698bd253","slug":"the-thieves-reached-the-lockers-of-rural-bank-locks","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रामीण बैंक के ताले तोड़ तिजोरी तक पहुंचे चोर ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
ग्रामीण बैंक के ताले तोड़ तिजोरी तक पहुंचे चोर
अमर उजाला ब्यूरो , फतेहपुर
Updated Thu, 23 Nov 2017 12:21 AM IST
विज्ञापन
बैंक मैनेजर से पूछताछ करते थाना प्रभारी।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के बरवा शाखा के चैनल गेट का ताला तोड़कर चोर बैंक के अंदर घुस गए। हालांकि चोर तिजोरी तक पहुंचने के बाद भी उसका लॉक नहीं तोड़ पाए। सुबह घटना की खबर से हड़कंप मच गया। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरों का सुराग लगाने में कोई मदद नहीं मिली, क्योंकि उसकी रिकार्डिंग बैंक बंद होने के साथ ही बंद कर दी गई थी।
विज्ञापन
बुधवार की सुबह बैंक खुलने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर बैंक मैनेजर खुशीराम गौतम, कैशियर निलय त्रिपाठी, थाना प्रभारी एके गौतम पहुंचे। पुलिस को बैंक के चैनल गेट व दरवाजे पर लगे पांच ताले टूटे मिले। बैंक के अंदर बैंक मैनेजर, कैशियर समेत तीन जगह सीसीटीवी कैमरों के तार कटे मिले। कैशियर व मैनेजर के केबिन का सामान बिखरा था। तिजोरी वाली कोठरी के दरवाजे का ताला टूटा देख सभी हैरान रह गए, लेकिन अंदर तिजोरी सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। तिजोरी के पास दो लोहे की राड मिली। उन राडों से तिजोरी तोड़ने की कोशिश की गई थी।
विज्ञापन
सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग चेक करने पुलिस एलईडी स्क्रीन के पास पहुंची। उसमें बैंक बंद होने की वजह से मंगलवार शाम पांच बजे तक की रिकार्डिंग मिली। उसके बाद से रिकार्डिंग बंद थी। पुलिस की पूछताछ में बैंक मैनेजर ने बताया कि कैमरा एक हफ्ते पहले बैंक में लगा है, जिसका कनेक्शन यूपीएस से है। वे यूपीएस बंद कर चले गए थे। इसी वजह से रिकार्डिंग नहीं हो सकी है। सूचना पर फोरेंसिक प्रभारी राकेश तिवारी टीम के साथ पहुंचे।
विज्ञापन
टीम ने कुर्सियों पर छूटे चोरों के जूतों के निशान, तिजोरी, काटे तार, लोहे की राड से फिंगर प्रिंट जुटाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बैंक का सोलर पैनल कई साल पहले चोरी हो चुका है। थाना प्रभारी ने बताया कि रात को गांव में शादियां थी। शादियों के शोर का फायदा उठाकर चोरों ने यह वारदात की। बैंक मैदान परिसर के अंदर हैं। बाउंड्री फांदकर चोर बैंक गेट तक पहुंचे हैं। चोरों के पीछे की ओर से भागने की पुष्टि हुई है। उनके पीछे की ओर मिट्टी में पैरों के निशान मिले हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।