बिहार में में दिनदहाड़े वारदात: स्कूल जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ा था छात्र, बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली
बिहार के रोहतास में शुक्रवार सुबह स्कूल जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़े 15 वर्षीय छात्र को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। घायल छात्र का आरा के निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान में जुटी है।
विस्तार
रोहतास जिले में दिनदहाड़े एक छात्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। अपराधियों ने स्कूल जा रहे छात्र को सरेआम गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विद्यालय जाने के दौरान मारी गोली
घायल छात्र की पहचान कछवां थाना क्षेत्र के कैथी गांव निवासी दिनेश सिंह के 15 वर्षीय पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आशीष शुक्रवार की सुबह घर से निकलकर विद्यालय जाने के लिए बस स्टैंड के समीप खड़ा था। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, घायल छात्र औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित ज्ञान गंगा इंटर स्कूल का विद्यार्थी है।
प्राथमिक उपचार के बाद किया गया रेफर
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, घायल छात्र का भोजपुर जिले के आरा स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। गोली छात्र के सीने को चीरते हुए बाहर निकल गई।
ये भी पढ़ें- झारखंड में पुलिस पर बर्बरता का आरोप: आदिवासी महिला को थाने में पीटा, सीएम ने लिया संज्ञान; मांगी रिपोर्ट
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद कछवां थाने की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, फिलहाल अपराधियों की पहचान और गोली मारने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।