शहर के तुराबअली का पुरवा स्थित सीएमओ कार्यालय से वन स्टॉप सेंटर को जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। गुरुवार को एसडीएम प्रमोद झा और सीओ संजय सिंह की संयुक्त टीम ने सड़क की भौतिक स्थित देखी।
डाक बंगला के सामने स्थित वीआईपी रोड पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। ज्यादातर लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन से समय मांगा था। एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर बिजली के खंभे लगाने में हो रहे विवाद का भी निस्तारण किया। इसके साथ ही तुरावाली पुरवा से सीएमओ ऑफिस होते हुए वन स्टॉप सेंटर तक 100 मीटर सड़क का चौड़ीकरण किए जाने से पूर्व यहां की स्थितियों को देखा।
वर्तमान में सड़क की चौड़ाई 12 फिट है, जिसे बढ़ाकर 18 फीट किया जाना है। इस मार्ग पर एक मंदिर, दो व्यक्तियों के मकान का आंशिक भाग व दो व्यक्तियों के शौचालय स्थित हैं। जिसे संबंधित व्यक्तियों ने स्वयं ही हटाने के लिए प्रशासन से समय की मांग की है। इस अवसर पर राजस्व टीम के साथ नगरपालिका व बिजली विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।