फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Fatehpur News ›   बिजली ने किया बीमार, जिले भर में त्राहिमाम

बिजली ने किया बीमार, जिले भर में त्राहिमाम

Thu, 18 Jul 2013 05:32 AM IST
Fatehpur
Fatehpur Updated Thu, 18 Jul 2013 05:32 AM IST
विज्ञापन
कामन इंट्रो
विज्ञापन

बिजली समस्या को लेकर लगातर विरोध जारी है। बुधवार साउथ सिटी के लोग बिजली को लेकर एक बार फिर सड़क पर उतर आए और बांदा-सागर बाइपास पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन एवं विभाग पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए तत्काल ट्रांसफारमर बदलकर बिजली बहाल किए जाने की मांग की। इसके अलावा मुराइनटोला व पीरनपुर की गुल बत्ती के बाद बाशिंदे सड़कों पर उतर आए। विद्युत विभाग के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए गुस्से का इजहार करने वाले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन को मशक्कत करनी पड़ी। पीडब्लूडी के डाक बंगला में वर्मा तिराहा इलाके की जनता ने पहुंच कर सांसद से बिजली समस्या पर घेरा।

जगह-जगह जाम से हांफा शहर
- मुराइनटोला व पीरनपुर के बाशिंदे सड़क पर उतरे
फतेहपुर। बुधवार को बिजली के लिए शाम को भी बवाल हुए। मुराइनटोला व पीरनपुर की गुल बत्ती के बाद बाशिंदे सड़कों पर उतर आए। विद्युत विभाग के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए गुस्से का इजहार करने वाले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन को मशक्कत करनी पड़ी।
विज्ञापन

जिला मुख्यालय में एक के बाद एक फुंकने वाले विद्युत ट्रांसफार्मर को लेकर सड़कें विरोध का हिस्सा बन रही हैं। बुधवार को साउथ सिटी के राधानगर इलाके में बिजली को लेकर सुबह विरोध दर्ज कराया गया। इसके बाद शाम को मुराइनटोला व पीरनपुर के बाशिंदे इसी राह चलने को मजबूर हो गए। यहां के बाशिंदे सड़काें पर उतर आए और जाम लगा कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग शुरू कर दी। प्रदर्शनकारी विद्युत विभाग के अधिकारियों से खफा थे। और मुर्दाबाद के नारे लगाकर गुस्से का इजहार कर रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

खंभापुर में लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर विगत दस दिनों से फुंका हुआ है। खंभापुर, श्यामनगर, सथरियांव रोड, रघुवंशपुरम कालोनी एवं विष्णुपुरी में आपूर्ति बाधित है। बिजली पर निर्भर पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह से ध्वस्त है। बिजली बहाली की मांग को लेकर स्थानीय वाशिंदे कई बार आंदोलन कर चुके हैं। इसी क्रम पिछले दिनों कलेक्ट्रेट में धरने के दौरान एसडीएम ने दो दिन के अंदर समस्या का निस्तारण किए जाने का आश्वासन दिया था। कहा कि जब तक समस्या का निराकरण नहीं होता आंदोलन जारी रहेगा। सूचना पाकर पुलिस-प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया जिन्हें आक्रोश का सामना करना पड़ा आखिर में चौबीस घंटे में आपूर्ति बहाली के आश्वासन पर लोग मान गए। पुत्तन मिश्र, वशीर अहमद, अजय मिश्र, एके श्रीवास्तव, गुड्डन, राकेश, बउआ, अखिलेश, मिंटू सहित भारी संख्या में प्रभावित क्षेत्र के वाशिंदें शामिल रहे।

सड़ांध मारती गरमी
ने कर दिया ‘पागल’
- दुकानदार महज खानापूरी के लिए खोल रहे प्रतिष्ठान
फतेहपुर। बिजली ने हालात बेकाबू कर रखे हैं। बुधवार को तो जनता गरमी के मारे उबल पड़ी। दर्जनों मोहल्ले ट्रांसफार्मर फुंके होने से त्राहि त्राहि करने लगे। बिजली के साथ गहराई पानी की समस्या के बीच सुबह से ही उमस बढ़ने से जनता बेहाल हो उठी। व्यापार पर भी इस समस्या का असर देखने को मिला। दुकानदार, खरीदारों से कई मर्तबा खींझता सा दिखाई दिया।
जून से बिजली का अब तक का सबसे बड़ा संकट झेल रहे दो लाख की आबादी वाले जिला मुख्यालय में हाय तौबा की स्थिति है। पचास फीसदी मुख्यालय अभी भी शाम होते अंधेरे में डूबा है। ऐसे में इन इलाकों में बिजली व पानी के संकट के बीच यहां के बाशिंदे गरमी की मार सह रहे हैं। बुधवार का दिन बिजली संकट के बीच हाहाकारी साबित हुआ। सुबह से ही उमस तेज होने से जनता गरमी से बेहाल हो उठी। घरों के दरवाजे, पेड़ दरख्त समेत बाजारें गरमी की गवाह बनीं रहीं। घरों के अंदर से सदस्य बाहर निकल कर गरमी से लड़ने का नाहक प्रयास करते रहे। चौक बाजार में गरमी की वजह से आम दिन जैसी चहलकदमी देखने को नहीं मिली। जिससे व्यापार पर असर पड़ रहा है। खरीदारों के न आने से दुकानदार हाथ का पंखा हांक कर गरमी से जूझते दिखाई दिए। आईटीआई रोड में एक गिफ्ट सेंटर के प्रोपराईटर को एक खरीदार से खींझते देखा गया। शायद यह गरमी का ही असर था कि उक्त दुकानदार ने किसी बात को लेकर मोबाइल से अपने बेटे को खूब अनाप शनाप बका।

रोस्टर बदलने से बाशिंदों की नींद हराम
जहानाबाद/बिंदकी। कसबे का नए रोस्टर से मिल रही बिजली से कसबेवासियों की नींदे हराम हो गई है। 10 घंटे की विद्युत आपूर्ति को तीन शिफ्टों में बंाटकर रोजेदारों को भी हलाकान कर दिया है।
रमजान माह के शुरू होते ही विद्युत विभाग जो नया रोस्टर कसबे में लागू किया है उससे सभी की नींदे हराम हो गई है। रोस्टर के हिसाब से 10 अगस्त तक प्रात: तीन बजे से छह बजे तक, दोपहर एक बजे से सांय चार बजे तक तथा सांय छह बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस रोस्टर का लाभ न तो रोजेदारों को मिल पा रहा है और न ही अन्य कसबेवासी चैन की नींद सो पा रहे है। कसबे के रामजी, बबलू, शिव शंकर, अभिषेक, शीलू आदि ने इस रोस्टर को बदलकर नए रोस्टर से बिजली देने की मंाग की है, इनका कहना है कि जो पूर्व में रोस्टर लागू था वह इससे बेहतर था। यादि उसे लागू नहीं किया गया तो यहां के नागरिक व रोजेदार आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होंगे।


सांसद को घेर दागे सवाल
- वर्मा तिराहे की जनता विद्युत आपूर्ति को लेकर सपा प्रतिनिधि को किया घेराव
फतेहपुर। बुधवार को तीन स्थानों पर सड़क पर उतरी जनता ने एक प्रशासनिक बैठक का हिस्सा बनने जिला मुख्यालय आए सांसद का घेराव किया। और दस दिन से इलाके की गुल बिजली को लेकर जनप्रतिनिधित्व को उनके दायित्व याद दिलाए। सांसद ने नाराज जनता को समस्या जल्द दूर कराने के आश्वासन पर शांत किया।
सपा सांसद राकेश सचान का घेराव नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष किशन मेहरोत्रा की अगुवाई में हुआ। पीडब्लूडी के डाक बंगला में वर्मा तिराहा इलाके की जनता ने पहुंच कर सांसद से बिजली समस्या पर घेरा। कहा दस दिन से विद्युत ट्रांसफार्मर फुंका है। अधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं। उनके दफ्तर खाली पड़े हैं। बिजली न रहने से पानी के साथ व्यापार भी चौपट हो रहा है। इस दौरान बब्लू सोनी, संदीप कुमार, संजय वर्मा, कपिल यादव, मुमसाद अहमद, आशीष कुमार, तौफीक अहमद, आशीष कुमार, राम सजीवन वर्मा आदि मौजूद रहें।



इक्कीस तक समस्या से निजात-सांसद
फतेहपुर। सांसद राकेश सचान ने जनपद वासियों को बिजली समस्या से निजात दिलाने के लिए आगे आ गए हैं। सांसद की पहल से जिले को 14 नए ट्रांसफार्मर का आवंटन कर दिया गया है। सांसद का दवा है कि 21 जुलाई तक जिले में बिजली आपूर्ति की स्थिति पूर्व की भांति सामान्य हो जाएगी।
सांसद बुधवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मंगलवार को उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर जिला की ध्वस्त बिजली आपूर्ति की जानकारी दी थी। सीएम ने एमडी को आपूर्ति में सुधार के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी कंचन वर्मा से जानकारी लेने के बाद जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। हर हालत में 21 जुलाई तक शहर समेत जिले में बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश यादव, सपा के पूर्व जिला महामंत्री महेंद्र सिंह बच्चा, ब्लाक प्रमुख मलवां सत्यप्रकाश सिंह उर्फ पिंटू सिंह, प्रकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।


इंसेट
प्राइवेट लाइनमैनों की चांदी
फतेहपुर। गहराई बिजली समस्या ने प्राइवेट लाइनमैनों की बल्ले बल्ले कर दी है। इनकी सारा दिन पूछ रहती है। दरवाजे पर लाइनमैन है कि आवाजें लगातार लगने से पड़ोसी इन्हें सुन सुनकर परेशान हो रहे हैं। इलाके का विद्युत ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद दूसरे ट्रांसफार्मर की लाइन से जुड़ने की चाहत रखने वाले प्रभावित बाशिंदों के लिए ये प्राइवेट लाइनमैन किसी रहनुमा से कम नहीं।



22 जुलाई तक भेज दिए जाएंगे 14 ट्रांसफार्मर
- एमडी ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा
फतेहपुर। एक पखवारे से लगातार विद्युत संकट से लगातार जूझ रहे नागरिकों के लिए खुशखबरी है। जिला प्रशासन की पहल पर विद्युत विभाग के प्रबंध निदेशक ने शीघ्र ही व्यवस्था में सुधार लाए जाने की बात कही है। एम.डी. विद्युत ने जिलाधिकारी को किए गए पत्राचार में एक सप्ताह के भीतर जनपद को दर्जनभर से अधिक विद्युत ट्रंासफार्मर दिए जाने का आश्वासन दिया है। एम.डी. का पत्र प्राप्त होने के बाद जिलाधिकारी कंचन वर्मा ने विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता को ट्रांसफार्मरों की खेप लाने के लिए बनारस रवानगी के निर्देश दिए हैं।
एक पखवारे भर से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था धड़ाम चल रही है। लगातार एक के बाद एक विद्युत ट्रांसफार्मरों के जलने से आमजनमानस सड़क पर उतर आया है। बिजली के चक्कर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और हालातों को बिगड़ते देख जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के प्रबंध निदेशक बनारस को पत्राचार करते हुए जिले की स्थित से अवगत कराया था। डीएम के पत्र को संज्ञान में लेते हुए प्रबंध निदेशक विद्युत आलोक कुमार ने जिले में 400 केवीए के 7 और 250 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर दिए जाने के बाबत पत्र लिखा है। एमडी ने डीएम को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया है कि आगामी 22 जुलाई दिन सोमवार तक हर हाल में 14 विद्युत ट्रांसफार्मर भेज दिए जाएंगे। जिलाधिकारी कंचन वर्मा ने बताया कि एमडी का पत्र प्राप्त हुआ है औैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैैर विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता को नए ट्रांसफार्मरों की खेप लाने के लिए बनारस की रवानगी करने के निर्देश दिए गए हैैैैैैैं।

इंसेट
सांसद के दखल से ट्रांसफार्मर नहीं भेजा
फतेहपुर। सांसद राकेश सचान बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों पर आखिर भारी पड़े। जिले की बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए छह महीने पहले आए 160 एमवीए का ट्रांसफार्मर आगरा जाने से बच ही गया। सांसद के दबाव के चलते सप्ताहभर से ट्रेलर में लदा खड़ा ट्रांसफार्मर उतारकर नीचे रखा दिया गया। सांसद ने कहा कि इस ट्रांसफार्मर के रखे जाने के बाद जिले की बिजली आपूर्ति में सुधार होगा।

जिले में डबल ग्रुप में बिजली आपूर्ति शुरू कराने के लिए विभाग ने राधानगर पावर हाउस में लगाने के लिए 160 एमवीए का ट्रांसफार्मर भेजा था। करीब छह करोड़ की कीमत वाले इस ट्रांसफार्मर के लग जाने से जिले में 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने की क्षमता हो सकती है। बुधवार को डीएम के आदेश पर ट्रांसफार्मर भेजे जाने की तैयारी चल रही थी, तभी सांसद के सूचना मिल गई। सांसद ने पहले बिजली विभाग के एमडी से बात की और इसके बाद डीएम से वार्ता की। बाद में सांसद की पहल पर एमडी ने ट्रांसफार्मर आगरा भेजने का आदेश वापस ले लिया है। सांसद के साथ जिपं अध्यक्ष रमेश यादव, महेंद्र बहादुर सिंह बच्चा, मो. आरिफ अंसारी आदि रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed