{"_id":"36-107515","slug":"Fatehpur-107515-36","type":"story","status":"publish","title_hn":"परिषदीय स्कूलों की सुरक्षा फिर खतरे में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
परिषदीय स्कूलों की सुरक्षा फिर खतरे में
Fatehpur
Updated Sun, 25 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
फतेहपुर। प्राथमिक शिक्षा का बुरा हाल है। बजट के बावजूद जिले के 685 परिषदीय स्कूलों की सुरक्षा के लिए प्रस्तावित बाउंड्री का निर्माण रुक गया है। हकीकत यह है कि बाउंड्री निर्माण के लिए केंद्र की ओर सात करोड़ की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग ने भी उक्त बजट राशि को ग्राम शिक्षा निधि के खाते में भेज दिया है। कुछ स्कूलों निर्माण सामग्री भी आ चुकी है, लेकिन काम शुरू होने से पहले ही शासन ने निर्माण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र और सड़कों के किनारे स्थित परिषदीय स्कूलों की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले भर में 685 स्कूल चिह्नित कराए थे। सभी स्कूलों को बाउंड्री से घेरने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव में बाउंड्री निर्माण के लिए नींव डेढ़ फीट तथा जमीन के ऊपर की ऊंचाई पांच फीट निर्धारित है। शासन स्तर पर 1105 रुपए प्रति मीटर निर्माण लागत के हिसाब से करीब 14 करोड़ का बजट मंजूर किया गया था। बजट की पचास फीसदी धनराशि यानी सात करोड़ रुपए बेसिक शिक्षा विभाग को अक्तूबर में अवमुक्त कर दी गई । साथ ही जल्द से जल्द निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए भी गए। शासनादेश के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने आननफानन सभी स्कूलों में निर्माण शुरू कराने के लिए राशि भेज दी। कुछ स्कूलों में निर्माण सामग्री भी खरीद ली गई , लेकिन दो दिन पूर्व शासन की ओर से बाउंड्री निर्माण शुरू न कराने के निर्देश जारी कर दिए गए। इसके साथ ही बीएसए राजेंद्र प्रसाद यादव ने भी सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को बाउंड्री निर्माण न कराने के निर्देश जारी कर दिया । उधर, शिक्षकों का कहना है कि जिन स्कूलों में सामग्री की खरीद हो चुकी है, उनमें निर्माण न होने पर धीरे-धीरे सामग्री गायब हो जाएगी। ऐसी हालत में संबंधित निर्माण प्रभारियों को खासी जहमत उठानी पड़गी। बीएसए ने बताया कि शासन के आदेश का पालन करना प्रथम उद्देश्य होता है। शासन ने निर्माण पर रोक लगाई है, जिसका पालन किया जा रहा है।
विज्ञापन