Fatehpur Investors Summit: 22 सौ करोड़ निवेश का प्रस्ताव, सात हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
इन्वेस्टर्स समिट में 2200 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव देते हुए 98 उद्यमियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। इससे 7037 बेरोजगारों के लिए रोजगार के द्वार खुल गए हैं।
विस्तार
फतेहपुर इन्वेस्टर्स समिट में जिले की पहली पसंद सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग बने हैं। उद्यामियों ने 2200 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए 98 उद्यमियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। उद्योग धंधों की स्थापना हो जाने पर 7037 बेरोजगारों के लिए रोजगार के द्वार खुल जाएंगे।
इसके अलावा राइस मिल, बेयर हाउसिंग, दुग्ध उत्पादन, ऑयल प्लांट, इलेक्ट्रानिक वाहन, फर्नीचर, ऑटो पार्ट्स के क्षेत्र में उद्योग लगाने को उद्यमी तरजीह दे रहे हैं। सरकार की ओर से उद्योग धंधों की स्थापना कराने और रोजगार के साधन मुहैया कराने के लिए शुरू इन्वेस्टर्स समिट में निवेश के लिए बड़ी संख्या में उद्यमी आगे आ रहे हैं।
निवेश प्रस्ताव पर सहमति बनने के बाद उद्यमियों और सरकार के बीच एमओयू (मेमोरंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) पर हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार बड़ी संख्या में युवा उद्यमी निवेश करने के लिए आगे आए हैं। इससे इन्वेस्टर्स समिट में निवेश करने का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है।
शहर के व्यापारी भूपेंद्र उमराव ने राइस मिल की स्थापना के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया है। राइस मिल से 500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। आनंद गुप्ता ने बेयर हाउसिंग व राइस मिल के लिए 15 करोड़ निवेश करने का एमओयू किया है। इसमें 100 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान लगाया गया है।
व्यापारी सत्येंद्र सिंह ने कॉपर एंड कॉपर एलाइज प्रोडक्ट्स कारखाना खोलने के लिए 50 करोड़ रुपये का निवेश करने के प्रस्ताव पर एमओयू किया है। इससे 100 लोगों को रोजगार मिलेगा। एडीएसएल लिमिटेड की ओर से उदयभान साहू ने ऑयल प्लांट खोलने के लिए 30 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव एमओयू किया है।