Farrukhabad: ग्रामीणों ने लेखपाल को दौड़ा कर पीटा, अभिलेख फाड़े…30 नामजद ग्रामीणों सहित अन्य पर रिपोर्ट
Farrukhabad News: पिछले दिनों गांव उखरा में बंजर भूमि पर कब्जा कर बनाए गए 23 मकान पिछले दिनों ढहाए गए थे। मामले में निरीक्षण करने गए लेखपालों को ग्रामीणों ने जमकर पीट डाला।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में उखरा गांव में बचे मकानों को तोड़ने व तोड़े गए मकानों का मलबा हटवाने के लिए सोमवार को निरीक्षण करने गए दो लेखपाल को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। एक लेखपाल ने भाग कर जान बचाई। ग्रामीणों ने इनसे सरकारी कागज छीनकर फाड़ दिया। इसके बाद में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर लेखपालों ने थाने में धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। एसडीएम व सीओ से बात के बाद 30 नामजद ग्रामीणों सहित कई अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। थाना क्षेत्र के गांव उखरा में बंजर भूमि पर कब्जा कर बनाए गए 23 मकान पिछले दिनों ढहाए गए थे।
इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार को इलाके के लेखपाल सौरभ पांडेय व रुद्र प्रताप गांव का निरीक्षण कर लोगों को दिशा निर्देश देने पहुंचे। ग्रामीणों ने लेखपाल सौरभ को देखते ही गाली-गलौज कर मारपीट कर पथराव शुरू कर दिया। सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। रुद्र प्रताप ने भागकर जान बचाई। पुलिस मौके पर पहुंची और डंडे फटकार कर ग्रामीणों को खदेड़ दिया। सूचना पर सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सौरभ साथी रुद्र के साथ थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने से इन्कार कर दिया।
जानकारी मिलने पर लेखपाल संघ के अध्यक्ष अजीत द्विवेदी, मंत्री अभय त्रिवेदी, तहसील अध्यक्ष जगदीश कुमार, सैयदमीर खां, शरद यादव, कृष्णकांत, रजत कुमार, उदय प्रताप सिंह, विकास दीक्षित सहित बड़ी संख्या में लेखपाल थाने पहुंच गए। एसडीएम व सीओ से बात के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इस पर लेखपाल थाने में दरी बिछाकर धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। दो घंटे के प्रदर्शन के बाद अधिकारी मुकदमा दर्ज करने पर राजी हुए। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
सरकारी कार्य में बाधा व मारपीट कर गाली-गलौज करने का आरोप
इन ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज किया गया मुकदमा मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के अजमतपुर निवासी लेखपाल रुद्र प्रताप ने गांव उखरा निवासी संजेश यादव उर्फ संजू, रोहित यादव, वीरभान यादव, राहुल यादव, हरिभान सिंह यादव, हाकिम यादव, अन्नू की पत्नी, अभिषेक की पत्नी, सुबोध, आशीष यादव, विक्की उर्फ विपिन, अंकुल यादव, नन्हें यादव, रामरहीश यादव, अविनाश यादव, केशराम यादव, सोनू यादव, पप्पू यादव, अरविंद यादव, अभिषेक यादव, सुबोध यादव, कृष्ण कुमार, रणजीत यादव, बृजपाल यादव, कुलदीप यादव, रजनेश यादव, कृष्ण कुमार की घर की महिलाएं, रामकुमार की घर की महिलाएं, प्रेमचंद्र की घर की महिलाएं, भोला यादव व कई अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें जान से मारने की नीयत से हमला, सरकारी कार्य में बाधा व मारपीट कर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया।
छावनी में तब्दील हुआ गांव व थाना, पुलिस ने दस ग्रामीणों को पकड़ा
उखरा गांव में मारपीट के बाद एसपी आलोक प्रियदर्शी के आदेश पर कई थानों की पुलिस व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे दीवान मौके पर भेजे गए। गांव छावनी में तब्दील कर दिया गया। थाने में पर भी लेखपालों के प्रदर्शन को लेकर फोर्स तैनात रही। पुलिस ने उखरा गांव में दबिश देकर दस ग्रामीणों को पकड़ लिया है। लेखपाल संघ के अध्यक्ष अजीत ने सीओ व एसओ से कहा कि जिनके नाम मुकदमा दर्ज किया गया है उनको गिरफ्तार करके लाएं। सीओ ने सभी की गिरफ्तारी करने का भरोसा दिया।